19.3 C
Jabalpur
October 27, 2026
सी टाइम्स
खेलराष्ट्रीय

भारत और 8वें एशिया कप ख़िताब के बीच श्रीलंका

दांबुला, 27 जुलाई । महिला एशिया कप 2024 के फ़ाइनल में भारत का मुक़ाबला मेज़बान श्रीलंका से रविवार को होगा। यह भारत के लिए टी 20 एशिया कप का पांचवां फ़ाइनल होगा, जबकि श्रीलंका लगातार दूसरी बार फ़ाइनल में पहुंचा है। यह मैच रविवार को दांबुला में दोपहर तीन बजे से शुरू होगा, जिसका सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स और हॉटस्टार पर किया जाएगा। अगर वनडे और टी20 फॉर्मेट को मिला लिया जाए तो यह कुल 9वां महिला एशिया कप है और भारत हर बार ख़िताबी मुक़ाबले तक पहुंचा है। पहला महिला एशिया कप 2004 में सिर्फ़ भारत और श्रीलंका के बीच खेला गया था और पांच मैचों के इस टूर्नामेंट को भारत ने 5-0 से जीता था। इसके बाद भारत ने लगातार तीन बार (2005, 2006, 2008) श्रीलंका को हराकर वनडे एशिया कप का ख़िताब जीता। 2012 से महिला एशिया कप टी20 फॉर्मेट में खेला जाना लगा और अब तक हुए चार टी20 एशिया कप के फ़ाइनल में भारत ने लगातार जगह बनाई है। इसमें से तीन बार भारत विजेता बना है, लेकिन 2018 में भारतीय टीम को बांग्लादेश से फ़ाइनल में हार मिली थी। 2022 में हुए पिछले टी20 एशिया कप के फ़ाइनल में भारत ने श्रीलंका को आठ विकेट के बड़े अंतर से हराया था। अब भारतीय टीम की नज़रें अपने ख़िताब को बरक़रार रखने पर होगी, वहीं श्रीलंकाई टीम पिछली हार का बदला लेकर अपना पहला एशिया कप ख़िताब जीतना चाहेगी। हालिया फ़ॉर्म दोनों टीमें अभी तक वर्तमान एशिया कप में अपराजित रही हैं और लगातार चार मैच जीतकर फ़ाइनल में पहुंची हैं। सेमीफ़ाइनल मुक़ाबले में जहां भारतीय टीम को बांग्लादेश पर 10 विकेट की आसान जीत हासिल हुई, वहीं श्रीलंकाई टीम को पाकिस्तान पर जीत हासिल करने में आख़िरी गेंद तक मशक्कत करनी पड़ी। एशिया कप से ठीक पहले श्रीलंका को वेस्टइंडीज़ ने उनके घर पर ही तीन टी20 मैचों की सीरीज़ में 2-1 से हराया था, वहीं भारतीय टीम भी दक्षिण अफ़्रीका से 1-1 से बराबर की सीरीज़ खेल इस टूर्नामेंट में आई थी। दोनों टीमों के बीच अब तक 24 टी20 मुक़ाबले हुए हैं, जिसमें भारत को 19 जबकि श्रीलंका को सिर्फ़ चार मैचों में जीत हासिल हुई है। एक मैच बिना किसी परिणाम के समाप्त हुआ है। मंधाना और अटापट्टू पर नज़रें स्मृति मंधाना पिछले कुछ महीनों से बेहतरीन फ़ॉर्म में हैं। दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ शतक पर शतक लगाकर धमाका करने वाली मंधाना का फ़ॉर्म एशिया कप में भी बरक़रार रहा है। पाकिस्तान के ख़िलाफ़ शुरुआती मैच में 45 रनों की पारी खेलने के बाद सेमीफ़ाइनल में उन्होंने बांग्लादेश के ख़िलाफ़ एक तेज़ अर्धशतक लगाया और अपनी टीम को 10 विकेट की जीत दिलाई। वहीं श्रीलंका के कप्तान चामरी अटापट्टू के नाम इस टूर्नामेंट में एक शतक, एक अर्धशतक और एक नाबाद 49 रन की पारी है। उन्होंने इस एशिया कप की चार पारियों में 121.50 की औसत और 148 के स्ट्राइक रेट 243 रन बनाया हैं। भारत के ख़िलाफ़ भी वह अपनी इस फ़ॉर्म को बरक़रार रख पहला एशिया कप ख़िताब जीतना चाहेंगी। पिच और परिस्थितियां सेमीफ़ाइनल में ज़रूर कुछ बादल थे, लेकिन फ़ाइनल के दौरान मौसम बिल्कुल साफ़ रहेगा और खिलाड़ियों को कड़ी गर्मी में खेलने के लिए उतरना पड़ सकता है। यह एशिया कप सिर्फ़ इसी मैदान पर खेला गया है, इसलिए विकेट प्रयोग किया हुआ और धीमा मिल सकता है, जहां पर दोनों टीमों के स्पिनर्स फ़ायदा उठाना चाहेंगे। संभावित एकादश: भारत: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शेफ़ाली वर्मा, दयालन हेमलता, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जेमिमाह रॉड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, राधा यादव, रेणुका सिंह, पूजा वस्त्रकर, तनुजा कंवर श्रीलंका: विष्मी गुणारत्ने, चामरी अटापट्टू (कप्तान), हर्षिता समराविक्रमा, कविशा दिलहारी, नीलाक्षी डिसिल्वा, अनुष्का संजीवनी (विकेटकीपर), हसिनी परेरा, सुगंधिका कुमारी, अचिनी कुलासूर्या, इनोशी प्रियदर्शिनी, उदेशिका प्रबोधनी

अन्य ख़बरें

जल, थल व वायुसेना के लिए 2.12 लाख करोड़ रुपए के रक्षा सौदों को मंजूरी

Newsdesk

अब समय आ गया है कि साउथ अफ्रीका आईसीसी के बड़े मंच पर फिर से शानदार प्रदर्शन करे : क्लूजनर

Newsdesk

असम: गुवाहाटी में गोलीबारी, 6 लोगों की मौत, कई घायल

Newsdesk

Leave a Comment

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading