17 C
Jabalpur
October 27, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिकराष्ट्रीय

जहीर खान बन सकते हैं एलएसजी के मेंटॉर

मुंबई, 21 अगस्त। पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज जहीर खान, मेंटॉरशिप भूमिका के लिए लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के साथ बातचीत कर रहे हैं। एलएसजी अपने कोचिंग सेटअप को और भी मजबूत करने के लिए टी 20 क्रिकेट से अच्छी तरह वाकिफ एक बेहतरीन पूर्व भारतीय खिलाड़ी को लाने की इच्छुक है। ऐसा पता चला है कि दो अन्य फ्रेंचाइजी भी विश्व कप विजेता ज़हीर को अनुबंधित करने की इच्छुक थीं। जहीर खान फिलहाल मुंबई इंडियंस में ग्लोबल डेवलपमेंट के प्रमुख थे। इससे पहले, वह 2018-2022 तक इसी फ्रेंचाइजी के क्रिकेट निदेशक थे। एलएसजी इसलिए भी जहीर को साथ लाने के लिए बेकरार है क्योंकि उनके कोचिंग स्टाफ से पूर्व दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज मोर्ने मॉर्केल अब जा चुके हैं। दरअसल, मॉर्केल ने भारतीय क्रिकेट टीम का गेंदबाजी कोच बनने के बाद एलएसजी से अपना करार खत्म कर लिया है। पिछले साल के अंत में गौतम गंभीर के जाने के बाद से एलएसजी बिना मेंटॉर के है। गंभीर, जो उस सपोर्ट स्टाफ ग्रुप का हिस्सा थे जिसने कोलकाता नाइट राइडर्स को इस साल अपना तीसरा आईपीएल ख़िताब दिलाने में मदद की थी। अब गंभीर भारतीय क्रिकेट टीम के प्रमुख कोच का पद संभाल चुके हैं। मेंटॉर होने के अलावा, फ्रेंचाइजी जहीर को एक व्यापक भूमिका देने की इच्छुक है, जिसमें उन्हें ऑफ सीजन के दौरान उनके स्काउटिंग और खिलाड़ी कार्यक्रमों में भी शामिल किया जाएगा, जिसके लिए बातचीत चल रही है। एलएसजी के कोचिंग सेटअप का नेतृत्व वर्तमान में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज जस्टिन लैंगर कर रहे हैं, जिन्होंने आईपीएल 2024 से पहले मुख्य कोच के रूप में एंडी फ्लॉवर की जगह ली थी। अपने पहले दो सीजन में प्लेऑफ में जगह हासिल करने के बाद, केएल राहुल की अगुवाई वाली एलएसजी इस साल खराब नेट रन रेट की वजह से टॉप-4 में जगह बनाने से पिछड़ गई थी। ज़हीर की आईपीएल में संभावित वापसी ऐसे समय में हो रही है जब टीमें मेगा ऑक्शन की तैयारी कर रही हैं। आईपीएल सितंबर की शुरुआत में रिटेंशन नियमों की घोषणा कर सकता है। ज़हीर अपने करियर के दौरान तीन फ्रेंचाइजी- मुंबई इंडियंस , रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) के लिए खेल चुके हैं। कुल मिलाकर, उन्होंने 100 आईपीएल मैचों में शिरकत की है, जिसमें उन्होंने 7.59 की इकॉनमी से 102 विकेट लिए हैं। एक खिलाड़ी के रूप में उन्होंने आख़िरी बार 2017 में टूर्नामेंट में हिस्सा लिया था, जब उन्होंने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने से पहले दिल्ली कैपिटल्स का नेतृत्व किया था। उधर, पंजाब किंग्स भी ट्रेवर बेलिस की जगह एक भारतीय मुख्य कोच की तलाश में है। ऐसी ख़बरें मिली थी कि पंजाब किंग्स वीवीएस लक्ष्मण को लाने के इच्छुक थे। लेकिन अब जब पूर्व भारतीय बल्लेबाज़ द्वारा राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी के प्रमुख के रूप में अपना कार्यकाल बढ़ाए जाने की खबर आ चुकी है तो अब यह संभावना खत्म हो गई है। वर्तमान में पंजाब किंग्स के रोस्टर में क्रिकेट डेवलपमेंट के प्रमुख के तौर पर संजय बांगर शामिल हैं।

अन्य ख़बरें

पटाखों के खिलाफ सेलिब्रिटी कैंपेन के लिए सरकारी पैसे का इस्तेमाल नहीं होगा: बॉम्बे हाई कोर्ट

Newsdesk

जल, थल व वायुसेना के लिए 2.12 लाख करोड़ रुपए के रक्षा सौदों को मंजूरी

Newsdesk

अब समय आ गया है कि साउथ अफ्रीका आईसीसी के बड़े मंच पर फिर से शानदार प्रदर्शन करे : क्लूजनर

Newsdesk

Leave a Comment

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading