Jabalpur News – 11 Nov – मझगवाँ थाना क्षेत्र के ग्राम मुंजा नुंजी में बुधवार सुबह एक दुखद हादसा हुआ, जब निर्माणाधीन मकान में सिंचाई करते समय करंट लगने से कोटवार की मौत हो गई। हादसे में उनका बेटा भी झुलस गया।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम मुंजा नुंजी के निवासी और कोटवार लोटन प्रसाद दाहिया अपने घर के निर्माण कार्य के दौरान मकान की तराई कर रहे थे। इस दौरान वे जीआई तार के संपर्क में आ गए, जिससे उन्हें जोरदार करंट लगा और वह तार से चिपक गए। उनके बेटे श्यामबाबू ने जब पिता को बचाने की कोशिश की, तो उसे भी करंट का झटका लगा और वह दूर जाकर गिर पड़ा।
शोर मचने पर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को सिहोरा अस्पताल लेकर गए। वहां चिकित्सकों ने लोटन प्रसाद को मृत घोषित कर दिया, जबकि श्यामबाबू का इलाज चल रहा है। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है।


