18.5 C
Jabalpur
October 27, 2026
सी टाइम्स
बॉलीवुडमनोरंजनमनोरंजन (टेलीविज़न)राष्ट्रीय

परवरिश पर उठे सवाल तो भड़कीं सोनाक्षी, ‘रामायण’ का जिक्र कर मुकेश खन्ना को दी चेतावनी

मुंबई, 17 दिसंबर। बॉलीवुड की ‘दबंग’ सोनाक्षी सिन्हा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर उनकी परवरिश पर सवाल उठाने वाले ‘शक्तिमान’ मुकेश खन्ना को जमकर खरीखोटी सुनाई। ‘रामायण’ का जिक्र करते हुए अभिनेत्री ने मुकेश खन्ना को चेतावनी भी दी और कहा कि मेरे बारे में ऐसे बयान सोच-समझकर दें। बरसों पहले रामायण से जुड़े सवालों के जवाब न देने पर ट्रोल हुई अभिनेत्री का मामला एक बार फिर से सुर्खियों में छाया है। हालांकि, इस बार अभिनेत्री ने जवाब देना मुनासिब समझा और इंस्टाग्राम के स्टोरीज सेक्शन पर एक नोट साझा कर लिखा, “ प्रिय मुकेश खन्ना सर जी, मैंने हाल ही में आपका एक बयान पढ़ा था। आपने, एक शो में रामायण के बारे में पूछे गए प्रश्न का सही उत्तर न देने पर इसे मेरे पिता की गलती बताई थी और मेरी परवरिश पर सवाल उठाए थे। ” मैं सबसे पहले आपको याद दिला दूं कि उस दिन हॉट सीट पर मेरे साथ दो और महिलाएं थीं, जिन्हें उसी प्रश्न का उत्तर नहीं पता था, लेकिन आपने केवल मेरा नाम लिया, जिसकी वजह स्पष्ट है। हां, मैं उस दिन को भूल गई और यह एक मानवीय प्रवृत्ति है। मैं भूल गई कि संजीवनी बूटी किसके लिए लाई गई थी, लेकिन स्पष्ट रूप से आप भगवान राम द्वारा सिखाए गए क्षमा और भूल जाने के कुछ पाठ भी भूल गए।” “ अगर भगवान राम मंथरा को माफ कर सकते हैं, अगर वह कैकेयी को माफ कर सकते हैं। अगर वह महान युद्ध के बाद रावण को भी माफ कर सकते हैं, तो निश्चित रूप से आप इस छोटी सी बात को कैसे भूल सकते हैं। ऐसा नहीं है कि मुझे आपकी माफी चाहिए। लेकिन हां, मैं चाहती हूं कि आप इन बातों को भूल जाएं और एक ही घटना को बार-बार उठाना बंद करें ताकि मैं और मेरा परिवार इन बातों को लेकर खबरों में आना बंद करे।“ चेतावनी देते हुए अभिनेत्री ने लिखा, “ अगली बार जब भी आप मेरे पिता द्वारा की गई मेरी परवरिश के बारे में कुछ भी कहने के बारे में सोचें तो याद रखें कि उन मूल्यों के कारण ही मैंने अपनी बात को सॉफ्ट तरीके से सम्मान पूर्वक कहा। इसके बाद आपने मेरे मूल्यों को लेकर कुछ बेबुनियाद बयान देने का फैसला किया तो मुझे कठोर होना पड़ेगा।“ दरअसल, मामला साल 2019 का है, जब अमिताभ बच्चन के शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में सोनाक्षी से पूछा गया था कि भगवान हनुमान संजीवनी बूटी किसके लिए लाए थे। इस प्रश्न का जवाब सोनाक्षी नहीं दे पाई थीं। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में मुकेश खन्ना ने सोनाक्षी को लेकर बात की और इस बात पर नाराजगी जाहिर की थी कि सोनाक्षी को इतना भी नहीं पता था कि बूटी कौन लेकर आया था? उन्होंने कहा था, ” मैं कहूंगा कि यह उनकी नहीं बल्कि उनके पिता की गलती है। उन्होंने अपने बच्चों को यह क्यों नहीं सिखाया? अगर मैं आज शक्तिमान होता तो मैं बच्चों को भारतीय संस्कृति और सनातन धर्म के बारे में जानकारी देता और उन्हें सही चीजें सिखाता।

अन्य ख़बरें

पटाखों के खिलाफ सेलिब्रिटी कैंपेन के लिए सरकारी पैसे का इस्तेमाल नहीं होगा: बॉम्बे हाई कोर्ट

Newsdesk

जल, थल व वायुसेना के लिए 2.12 लाख करोड़ रुपए के रक्षा सौदों को मंजूरी

Newsdesk

अब समय आ गया है कि साउथ अफ्रीका आईसीसी के बड़े मंच पर फिर से शानदार प्रदर्शन करे : क्लूजनर

Newsdesk

Leave a Comment

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading