जबलपुर में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने शास्त्री नगर स्थित बड़े बिल्डर रोहित तिवारी के आलीशान बंगले पर छापेमारी की। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई RTO के पूर्व कांस्टेबल सौरभ शर्मा के संदिग्ध लेन-देन से जुड़े मामले में हो रही है।
रोहित तिवारी, जो शहर के बड़े बिल्डरों में गिने जाते हैं, पर सौरभ शर्मा के अवैध धन को निवेश करने का आरोप है। हाल ही में सौरभ शर्मा के घर से करोड़ों की नकदी, सोना और चांदी बरामद हुई थी। माना जा रहा है कि तिवारी ने शर्मा के पैसे को गढ़ा और चौकीताल इलाकों में अपनी टाउनशिप परियोजनाओं में निवेश किया है।
ईडी की टीम ने घर के सभी सदस्यों से पूछताछ शुरू कर दी है। बंगले के बाहर सीआरपीएफ जवानों को तैनात किया गया है। छापे के दौरान ईडी अधिकारी प्रेस लिखी गाड़ियों में पहुंचे।
सूत्रों के अनुसार, रोहित तिवारी का कई बड़े नेताओं और अधिकारियों से करीबी संबंध है और वह लक्जरी जीवनशैली के लिए जाने जाते हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।
जबलपुर से वाजिद खान की रिपोर्ट


