18.5 C
Jabalpur
October 27, 2026
सी टाइम्स
राष्ट्रीय

पीएम मोदी, अमित शाह और खड़गे समेत कई नेताओं ने गुरु गोबिंद सिंह के प्रकाश पर्व पर उन्हें नमन किया

नई दिल्ली, 6 जनवरी। सिख धर्म के 10वें गुरु, महान योद्धा गुरु गोबिंद सिंह जी का सोमवार को प्रकाश पर्व मनाया जा रहा है। प्रकाश पर्व सिख धर्म का एक महत्वपूर्ण त्योहार है, जिसे श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। गुरु गोबिंद सिंह के प्रकाश पर्व के मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने श्री दरबार साहिब में माथा टेका। इस दौरान पीएम नरेंद्र मोदी, अमित शाह, जेपी नड्डा, मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने गुरु गोबिंद सिंह के प्रकाश पर्व पर उन्हें नमन किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “मैं श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व पर उन्हें नमन करता हूं। उनके विचार हमें एक प्रगतिशील, समृद्ध और दयालु समाज बनाने के लिए प्रेरित करते हैं।” वहीं, अमित शाह ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “दशम गुरु सरबंसदानी श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व पर उनका स्मरण कर उन्हें कोटि-कोटि नमन करता हूं। संस्कृति, स्वधर्म और मानवता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व अर्पण करने वाले गुरु गोबिंद सिंह जी कट्टरपंथी आक्रांताओं के सामने अपने सिद्धांतों पर अडिग रहे।

त्याग, वीरता और समर्पण का प्रतीक उनका जीवन अनंतकाल तक सभी का मार्गदर्शन करता रहेगा।” जेपी नड्डा ने कहा, “सवा लाख से एक लड़ाऊं, चिड़ियन ते मैं बाज तुड़ाऊं, तबै गुरु गोबिंद सिंह नाम कहाऊं।” महान संत, सिख समाज के दशम गुरु एवं खालसा पंथ के संस्थापक गुरु श्री गोबिंद सिंह जी महाराज के पावन प्रकाश पर्व पर उन्हें कोटि-कोटि नमन करता हूं। गुरु गोबिंद सिंह जी का जीवन मानवता व वीरता की मिसाल है। उन्होंने अपने मानवता के संदेश से सिख धर्मावलंबियों के साथ पूरे समाज को नई राह दिखाई। उनके अद्वितीय साहस, सत्य और सेवा के आदर्श युगों-युगों तक प्रेरणा देते रहेंगे।” कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी गुरु गोबिंद सिंह के प्रकाश पर्व पर उन्हें नमन किया।

कांग्रेस अध्यक्ष ने एक पोस्ट कहा, “सरबंस दानी, साहिब-ए-कमाल व सिख धर्म के दसवें गुरु एवं खालसा पंथ के संस्थापक, धन धन श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं। उन्होंने सम्पूर्ण मानवता को शांति, प्रेम, एकता, समानता एवं भाईचारे का संदेश दिया तथा जन-जन के हृदय में मानव सेवा एवं सामाजिक सौहार्द की भावना जागृत की थी, जो सदैव प्रेरणादायी रहेगी।” लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “वीरता और त्याग के प्रतीक श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध, न्याय और समानता के लिए उनका साहस और बलिदान हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।” राहुल गांधी के अलावा अन्य नेताओं ने भी गुरु गोबिंद सिंह के प्रकाश पर्व पर उन्हें नमन किया है।

अन्य ख़बरें

पटाखों के खिलाफ सेलिब्रिटी कैंपेन के लिए सरकारी पैसे का इस्तेमाल नहीं होगा: बॉम्बे हाई कोर्ट

Newsdesk

जल, थल व वायुसेना के लिए 2.12 लाख करोड़ रुपए के रक्षा सौदों को मंजूरी

Newsdesk

अब समय आ गया है कि साउथ अफ्रीका आईसीसी के बड़े मंच पर फिर से शानदार प्रदर्शन करे : क्लूजनर

Newsdesk

Leave a Comment

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading