32.5 C
Jabalpur
October 26, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिकराष्ट्रीय

ईद उल फितर आज : सीएम योगी ने दी बधाई, बोले- ये प्रेम और भाईचारे का त्योहार

लखनऊ, 31 मार्च। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ईद उल फितर की सभी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इसे खुशी और मेल मिलाप का संदेश देने वाला पर्व बताया है। त्योहार को देखते हुए प्रदेश भर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मुख्य मंत्री कार्यालय की तरफ से इस संबंध में सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर पोस्ट भी किया गया। इस पोस्ट में ईद उल फितर की सभी प्रदेशवासियों को बधाई दी गई। पोस्ट में कहा गया कि मुख्यमंत्री जी ने कहा कि ईद-उल-फितर का त्योहार खुशी और मेल-मिलाप का संदेश लेकर आता है। पोस्ट में आगे कहा गया कि खुशियों का यह त्योहार सामाजिक एकता को मजबूत करने के साथ ही, आपसी भाईचारे की भावना को बढ़ाता है। यह पर्व अमन-चैन और सौहार्द का संदेश देता है। इस पर्व पर सभी को सद्भाव तथा सामाजिक सौहार्द को और सुदृढ़ करने का संकल्प लेना चाहिए।

इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया के मौलाना खालिद राशिद फिरंगी ने ईद-उल-फितर के मौके पर देशवासियों को मुबारकबाद दी। उन्होंने कहा कि आज पूरा देश ईद का त्योहार मना रहा है। सुबह से ही बच्चे, बूढ़े और जवान नहा-धोकर ईदगाह की ओर जा रहे हैं। मौलाना ने लोगों से कुछ खास बातों का ध्यान रखने की अपील की। मौलाना ने कहा, “मैं सभी देशवासियों को ईद की दिली मुबारकबाद देता हूं। इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया, फिरंगी महल, लखनऊ ने इस साल भी ईद एडवाइजरी जारी की है। मेरी गुजारिश है कि इसे मानें। जल्दी ईदगाह पहुंचें ताकि आपको वहां जगह मिल सके। जितना आगे खड़े होंगे, उतना ज्यादा सवाब मिलेगा। कोशिश करें कि नमाज ईदगाह के अंदर ही हो, सड़कों पर न पढ़ें। इससे कोई विवाद या परेशानी नहीं होगी।”

उन्होंने आगे कहा, “ईद की नमाज से पहले गरीबों में फितरा जरूर बांट दें। इससे वे भी हमारी खुशियों में शामिल हो सकेंगे। ईद का दिन अल्लाह की ओर से रोजेदारों के लिए इनाम का दिन है। आज दुआएं कबूल होती हैं। अपने और परिवार के लिए दुआ करें, साथ ही देश की तरक्की और सुरक्षा के लिए भी दुआ मांगें।” मौलाना ने इस मौके पर एकता और भाईचारे का संदेश दिया। मौलाना खालिद राशिद ने ईद को शांति और खुशी से मनाने पर जोर दिया। उनकी सलाह थी कि सड़कों पर नमाज से बचें, ताकि किसी तरह का विवाद न हो। ईद-उल-फितर के मौके पर संभल में पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। शाही जामा मस्जिद में ईद की नमाज सुबह 9:30 बजे होगी। इस दौरान सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। यह मस्जिद पहले विवादों में रही है, इसलिए प्रशासन कोई जोखिम नहीं लेना चाहता।

शांति बनाए रखने के लिए इलाके में कड़ी निगरानी रखी जा रही है। ईद-उल-फितर के मौके पर रामपुर में नमाजी सुबह से ही ईदगाह और मस्जिदों में जुटना शुरू हो गए हैं। नमाज सुबह 7:30 बजे से 8:30 बजे के बीच होगी। इसे शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि कोई परेशानी न हो। प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क है। ईद-उल-फितर के मौके पर हरदोई में ईदगाह में नमाज शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। नमाज के बाद नमाजी बाहर निकले और एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। इस दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। एसपी नीरज कुमार जादौन सहित वरिष्ठ अधिकारी ईदगाह के बाहर मौजूद थे। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच नमाज बिना किसी परेशानी के पूरी हुई।

एसपी नीरज कुमार जादौन ने कहा, “सभी जनपद वासियों को ईद की शुभकामनाएं। कोतवाली सिटी क्षेत्र के ईदगाह में अभी-अभी नमाज खत्म हुई है। सभी नमाजियों ने अच्छे तरीके से नमाज अदा की और एक-दूसरे को बधाई दी। पूरे जिले में पुलिस अलर्ट है। हर जगह ड्यूटी लगाई गई है और वरिष्ठ अधिकारी तैनात हैं। हम ईद को शांतिपूर्ण और खुशी से संपन्न कराएंगे।”

अन्य ख़बरें

12वां ब्रिक्स संसदीय सम्मेलन आज नई दिल्ली में होगा शुरू

Newsdesk

महर्षि वाल्मीकि की जयंती पर पीएम मोदी ने कहा- ‘उनके सद्विचार भारतीय संस्कृति और विरासत के मूल तत्व’

Newsdesk

महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों से ही साकार होगा समरस समाज का सपना : योगी आदित्यनाथ

Newsdesk

Leave a Comment

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading