23.5 C
Jabalpur
October 30, 2026
सी टाइम्स
राष्ट्रीय

कांग्रेस ने पहलगाम आतंकी हमले पर दिखाई एकजुटता, नेताओं को संयमित बयान देने का निर्देश

नई दिल्ली, 30 अप्रैल। पहलगाम आतंकी हमले को लेकर हो रही बयानबाजी के बीच कांग्रेस ने अपने नेताओं को सर्कुलर जारी किया है। कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने पार्टी के नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को कहा है कि पार्टी लाइन से हटकर कोई भी बयान नहीं दें। आतंकी हमले को लेकर गहरी शोक संवेदना प्रकट करते हुए कांग्रेस ने अपने नेताओं को कहा कि वे केवल कांग्रेस कार्यसमिति की 24 अप्रैल को संपन्न हुई बैठक में पारित आधिकारिक प्रस्ताव के अनुरूप ही सार्वजनिक बयान दें। पार्टी के महासचिव केसी वेणुगोपाल द्वारा जारी आधिकारिक संदेश में कहा गया है कि यह समय एकता, परिपक्वता और जिम्मेदारी के साथ राष्ट्र के साथ खड़े होने का है। कांग्रेस पार्टी ने स्पष्ट किया है कि कांग्रेस कार्यसमिति प्रस्ताव ही इस संवेदनशील मुद्दे पर पार्टी की एकमात्र सार्वजनिक अभिव्यक्ति होगी।

पत्र में कहा गया, “ऐसे कठिन समय में, जब हमारी सामूहिक संकल्पशक्ति की परीक्षा हो रही है, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस को एकता, परिपक्वता और जिम्मेदारी का ऐसा उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए जो उन मूल्यों को दर्शाए जिनके आधार पर पार्टी ने दशकों तक राष्ट्र की सेवा की है।” सभी पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे किसी भी बयान, टिप्पणी या प्रस्तुति में अनुशासन बनाए रखें और पार्टी लाइन से हटकर कोई भी टिप्पणी न करें। पार्टी ने यह भी स्पष्ट किया है कि ऐसे किसी भी उल्लंघन को “गंभीर अनुशासनहीनता” माना जाएगा और इसके खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। कांग्रेस ने यह भी दोहराया कि वह हमेशा राष्ट्रीय संकट के समय राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखती आई है और इस बार भी वही गरिमा और संयम दिखाएगी जिसकी देश को अपेक्षा है। बता दें कि यह निर्देश ऐसे समय में आया है जब देशभर में पहलगाम हमले को लेकर आक्रोश है। कांग्रेस ने भी पीड़ितों को न्याय दिलाने की मांग करते हुए सरकार से ठोस कार्रवाई की मांग की है।

अन्य ख़बरें

इसरो आज रात लॉन्च करेगा जीएसएलवी-एफ18, अंतरिक्ष में भेजेगा नेविगेशन सैटेलाइट

Newsdesk

केंद्रीय मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों ने पुण्यतिथि पर आर्य समाज के संस्थापक स्वामी दयानंद सरस्वती को किया याद

Newsdesk

पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रमोद महाजन की जयंती पर केंद्रीय मंत्री गडकरी और सीएम योगी सहित नेताओं ने किया नमन

Newsdesk

Leave a Comment