‘
पुलिस अधिकारियों ने युवाओं को नागरिक अधिकारों, कर्तव्यों और सामाजिक सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
जबलपुर। युवाओं को कानून, सुरक्षा और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से गुरुवार, 29 अक्टूबर को शासकीय महाकौशल कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय (पीएमसीओई), जबलपुर के प्रेक्षागृह में ‘जनसेवा सृजन संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। उच्च शिक्षा विभाग और पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सुरक्षित समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन शासकीय महाकौशल कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय तथा शासकीय विज्ञान महाविद्यालय के संयुक्त सहयोग से किया गया। अध्यक्षता अतिरिक्त संचालक, उच्च शिक्षा एवं महाकौशल महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अलकेश चतुर्वेदी ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय, शासकीय विज्ञान महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत सैलेट, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर डॉ. आयुष जाखड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनु बेनीवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-5 अंजना तिवारी, नगर पुलिस अधीक्षक ओमती सोनू कुर्मी, नगर पुलिस अधीक्षक आधारताल राजेश्वरी कौरव तथा रक्षित निरीक्षक जयप्रकाश आर्य सहित पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
साइबर अपराधों से बचाव के बताए तरीके
संवाद के दौरान पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को भारतीय संविधान, न्याय व्यवस्था, नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों, सामाजिक सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव और आपातकालीन सेवाओं की जानकारी दी। विद्यार्थियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी के प्रति सतर्क रहने, कानून का पालन करने तथा आपात स्थिति में उपलब्ध सहायता सेवाओं का सही उपयोग करने की समझाइश दी गई। पुलिस और युवाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया।
डॉ. अलकेश चतुर्वेदी एवं डॉ. प्रशांत सैलेट ने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और जिम्मेदार नागरिकों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना तिवारी ने कार्यक्रम के समन्वय और आयोजन की रूपरेखा तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी), रेडक्रॉस समिति और स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के संयुक्त प्रयासों से किया गया। मंच संचालन भूगोल विभाग की प्राध्यापक एवं रेडक्रॉस समिति की सह-संयोजक डॉ. रानू रहंगडाले ने किया। आयोजन में डॉ. आनंद तिवारी, डॉ. महेंद्र कुशवाहा, डॉ. अजय ठाकुर, डॉ. अनिल बिंजिया, डॉ. मुकेश, डॉ. रचना सांचा सहित दोनों महाविद्यालयों के प्राध्यापकों और आयोजन समितियों का सहयोग रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।


