8.81 लाख मामले पकड़े, पिछले वर्ष की समान अवधि से राजस्व में 11.62 प्रतिशत की बढ़ोतरी
जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे ने चालू वित्तीय वर्ष के पहले छह महीनों में टिकट जांच अभियानों के जरिए 73 करोड़ 39 लाख रुपये का राजस्व अर्जित किया है। इस दौरान बिना टिकट, अनियमित टिकट और बिना बुक कराए सामान के साथ यात्रा करने के कुल 8 लाख 81 हजार मामले पकड़े गए। पिछले वर्ष की समान अवधि में 66 करोड़ 35 लाख रुपये का राजस्व मिला था। इस तरह आय में 11.62 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक के निर्देश पर पश्चिम मध्य रेलवे के तीनों मंडलों में नियमित टिकट जांच अभियान चलाए गए। ट्रेनों और स्टेशनों पर जांच के साथ रेलवे मजिस्ट्रेट चेकिंग भी की गई। अनियमित यात्रा के मामलों में अतिरिक्त किराये और जुर्माने के रूप में यह राजस्व प्राप्त हुआ।
जबलपुर मंडल ने अर्जित किए ₹35.19 करोड़
टिकट जांच से राजस्व प्राप्ति में जबलपुर मंडल सबसे आगे रहा। यहां छह माह में 4 लाख 2 हजार मामले पकड़े गए, जिनसे 35 करोड़ 19 लाख रुपये की आय हुई। भोपाल मंडल में 2 लाख 93 हजार मामलों से 22 करोड़ 74 लाख रुपये और कोटा मंडल में 1 लाख 71 हजार मामलों से 14 करोड़ 34 लाख रुपये का राजस्व मिला। वहीं मुख्यालय के सीसीएम स्क्वाड ने 15 हजार मामले पकड़कर 1 करोड़ 12 लाख रुपये अर्जित किए।
वैध टिकट लेकर यात्रा करने की अपील
रेल प्रशासन ने यात्रियों से उचित और वैध टिकट लेकर ही यात्रा करने की अपील की है। रेलवे के अनुसार, यात्रियों को सुगम और व्यवस्थित सफर उपलब्ध कराने के लिए वाणिज्य विभाग तथा रेलवे सुरक्षा बल के समन्वय से टिकट जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।


