Jabalpur Online Fraud News – ऑनलाइन ठगी के जाल में फंसकर लोग अब सिर्फ आर्थिक ही नहीं, मानसिक रूप से भी गहरा नुकसान झेल रहे हैं। आए दिन नए-नए तरीके अपनाकर साइबर ठग लोगों को जाल में फंसा रहे हैं — कहीं लॉटरी के नाम पर तो कहीं इनाम के बहाने। ऐसी ही एक चौंकाने वाली घटना जबलपुर में सामने आई, जहां एक महिला ने ठग के कहने पर खुद का अपहरण दिखाने वाला वीडियो बनाकर भेजा और ठग ने उसी वीडियो के जरिए महिला के परिजनों से फिरौती मांग ली।
घटना संक्षेप में
बरगी थाना क्षेत्र की 36 वर्षीय महिला (काल्पनिक नाम विनीता) को एक साइबर ठग ने लॉटरी में सोने-चांदी के जेवर जीतने का झांसा देकर लगभग 4 लाख रुपये ठग लिए। जब महिला परिजनों की पूछताछ से परेशान हुई, तो वह घर छोड़कर चली गई और एक महीने तक अलग-अलग शहरों में घूमती रही। ठग के कहने पर महिला ने खुद का अपहरण दर्शाने वाला वीडियो बनाकर उसे भेजा, जिसे ठग ने महिला के घरवालों को भेजकर फिरौती मांगी। पुलिस ने तकनीकी जांच और कई शहरों में दबिश देकर महिला को ग्रेटर नोएडा से सुरक्षित रेस्क्यू किया।
पूरी घटना विस्तार से
थाना बरगी में 4 मई 2025 को एक 58 वर्षीय महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी बेटी (36 वर्ष) 26 अप्रैल को घर से बरगी जाने के लिए निकली थी लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने रिश्तेदारों में खोजबीन की लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। पुलिस ने गुम इंसान की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की।
1 जून को परिवार को एक अनजान नंबर से कॉल, व्हाट्सएप ऑडियो और वीडियो मिले, जिनमें महिला के अपहरण और अंग निकालकर फेंकने की धमकी दी गई थी। फिरौती की मांग की गई।
जांच में पाया गया कि महिला को साइबर ठग ने लॉटरी और जेवर मिलने का लालच देकर अपने जाल में फंसाया था। वह ठग को अब तक करीब ₹4 लाख ट्रांसफर कर चुकी थी। ठग ने महिला को धमकाया कि अगर पैसे नहीं भेजे तो उसे पुलिस पकड़ लेगी।
महिला डरकर 27 अप्रैल को घर छोड़कर चली गई और दिल्ली, मुंबई, सूरत समेत कई शहरों में घूमती रही। 1 जून को उसने खुद के अपहरण की फर्जी वीडियो क्लिप बनाकर ठग को भेजी, जिसे ठग ने परिजनों को भेजकर पैसे की मांग की।
कैसे हुआ खुलासा
पुलिस अधीक्षक जबलपुर श्री सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर एसडीओपी बरगी श्री अंजुल अयंक मिश्रा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री समर वर्मा के नेतृत्व में चार टीमें बनाई गईं। जिस पर पुलिस की 4 टीमें बनाई गई। थाना प्रभारी बरगी कमलेश चौरिया, उप निरीक्षक मुनेश कोल, उप निरीक्षक संतोष पाण्डे, मनीश बंसेडिया को विभिन्न राज्यों में तलाश पतासाजी हेतु निर्देशित किया गया था। थाना प्रभारी चरगवॉ उप निरीक्षक अभिषेक प्यासी एवं चौकी प्रभारी बरगी नगर सरिता पटेल को स्थानीय स्तर पर पतासाजी हेतु लगाया गया।
टीमों ने दिल्ली, उदयपुर, जैसलमेर समेत कई स्थानों पर दबिश दी। तकनीकी जानकारी के आधार पर थाना प्रभारी बरगी श्री कमलेश चौरिया के नेतृत्व में 16 जून को महिला को ग्रेटर नोएडा से सकुशल बरामद किया गया।
जांच में सामने आए चौंकाने वाले तथ्य
-
महिला आशा कार्यकर्ता है और होली के आस-पास ठग के संपर्क में आई थी।
-
ठग ने महिला को जेवर दिलाने का लालच देकर 4 लाख रुपए ठग लिए।
-
महिला को यकीन था कि ठग जेल में है और पैसे मिलने पर उसे जेवर वापस देगा।
-
महिला को काउंसलिंग की जरूरत है क्योंकि वह अब भी ठग के प्रभाव में है।
फिलहाल स्थिति
महिला को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। उसकी मानसिक स्थिति को देखते हुए काउंसलिंग करवाई जा रही है। पुलिस साइबर ठग की तलाश में जुटी है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई जारी है। व्हाटसएप्प काल आडियो वीडियो रिकार्डिंग एवं व्हाटसएप मैसेज के अवलोकन पर अज्ञात मोबाइल धारक के द्वारा गुमशुदा श्रीमती विनीता (काल्पनिक नाम) को अपहरण कर बंधक बनाते हुये पैसों की मांग करने एवं शरीर के आर्गन निकालकर जान से मारने की धमकी देने पर अज्ञात मोबाइल नम्बर धारक के विरूद्ध थाना बरगी में 8 जून को अपराध धारा 140(1), 140(2), 140(3) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।


