Jabalpur News Today। जबलपुर से लखनऊ के बीच चलने वाली चित्रकूट एक्सप्रेस अब कुल 22 डिब्बों के साथ चलेगी। रेल प्रशासन ने यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए एक अतिरिक्त जनरल कोच जोड़ने का फैसला लिया है। यह व्यवस्था शनिवार से लागू होगी, जबकि लखनऊ से लौटते समय यह कोच रविवार को जोड़ा जाएगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, जनरल डिब्बों में भीड़ अधिक होने के कारण अब तक कई यात्री स्लीपर कोच में यात्रा कर रहे थे, जिससे आरक्षित यात्रियों को परेशानी हो रही थी। वहीं, जनरल कोचों में क्षमता से अधिक यात्री होने की वजह से यात्रा असुविधाजनक हो गई थी।
रेल प्रशासन का मानना है कि सामान्य श्रेणी के यात्रियों को अधिकतम सुविधा देने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए यह कदम यात्रा को अधिक सुरक्षित और सहज बनाएगा।


