November 3, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

जबलपुर – जल्द होगा मदन महल-रानीताल एलिवेटेड कॉरिडोर का लोकार्पण केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिले PWD मंत्री राकेश सिंह, उद्घाटन की उलटी गिनती शुरू

जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर शहर को आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर से जोड़ने वाली एक अहम परियोजना — मदनमहल-रानीताल एलिवेटेड कॉरिडोर — का बहुप्रतीक्षित लोकार्पण अब जल्द ही होने वाला है। मंगलवार को प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की और परियोजना की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की।

राकेश सिंह ने इस मुलाकात की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से दी। उन्होंने बताया कि फ्लाईओवर का निर्माण कार्य अब लगभग पूर्णता के अंतिम चरण में है और रोड सेफ्टी से जुड़े अंतिम प्रावधान पूरे होते ही नितिन गडकरी स्वयं लोकार्पण के लिए जबलपुर आएंगे।

6 किलोमीटर लंबा आधुनिक फ्लाईओवर

करीब 6 किलोमीटर लंबा यह एलिवेटेड कॉरिडोर मध्यप्रदेश का सबसे लंबा फ्लाईओवर होगा, जिसे अत्याधुनिक तकनीक से तैयार किया गया है। यह परियोजना शहर के ट्रैफिक दबाव को कम करने और आवाजाही को सुगम बनाने के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

राजनीति की रस्साकशी भी बनी चर्चा का विषय

इस परियोजना के उद्घाटन को लेकर भाजपा के दो वरिष्ठ नेताओं राकेश सिंह और वर्तमान सांसद आशीष दुबे के बीच राजनीतिक खींचतान भी सामने आ चुकी है। जहां राकेश सिंह के सांसद कार्यकाल में इस परियोजना को मंजूरी मिली थी, वहीं आशीष दुबे चाहते हैं कि उद्घाटन उनके सांसद कार्यकाल में हो और वे इसकी अगुवाई करें।

बताया जा रहा है कि आशीष दुबे ने भी गडकरी को जबलपुर आने का न्योता दिया था और वे लगभग 500 कार्यकर्ताओं के साथ निर्माण स्थल का निरीक्षण भी कर चुके हैं। इसके चलते यह मुद्दा राजनीतिक चर्चाओं में आ गया है।

कांग्रेस का विरोध, जनता को समर्पण की मांग

इधर कांग्रेस ने भी फ्लाईओवर के उद्घाटन में हो रही देरी को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। शहर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में मदनमहल क्षेत्र में आंदोलन कर इस परियोजना को जनता को जल्द समर्पित करने की मांग की गई थी।

अब जल्द होगा उद्घाटन

अब जब नितिन गडकरी द्वारा जबलपुर आने की सहमति की खबर सामने आई है, तो उम्मीद की जा रही है कि यह बहुप्रतीक्षित परियोजना शीघ्र ही जनता को समर्पित कर दी जाएगी। इसके साथ ही जबलपुर को एक और आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर की सौगात मिलने जा रही है, जो शहर के विकास में नया अध्याय जोड़ेगी।

अन्य ख़बरें

सहजपुर मटर मंडी के लिए वैकल्पिक मार्ग तलाशने विधायक, कलेक्टर और एसपी पहुंचे शहपुरा

Newsdesk

मध्यप्रदेश को लारा परियोजना से मिलेगी 800 मेगावाट किफायती बिजली

Newsdesk

पंडित मोतीलाल नेहरू वार्ड में 65 लाख रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन

Newsdesk

Leave a Comment