नवसारी (गुजरात)। रविवार रात बिलिमोरा के सोमनाथ मंदिर परिसर में लगे मेले में बड़ा हादसा हो गया। मेले में लगे एक झूले का केबल टूटकर गिर गया, जिससे झूले पर सवार 10 से 12 लोग नीचे आ गिरे। हादसे में दो बच्चों समेत पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया। झूला संचालक की हालत गंभीर होने के चलते उसे सूरत के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया है।
सभी बड़े झूले बंद किए गए
मेला लगाने की अनुमति शिवम एजेंसी को दी गई थी। एजेंसी के मालिक विरल पीठवा मूल रूप से सुरेंद्रनगर के रहने वाले हैं और उन्होंने पहली बार बिलिमोरा मेले में सात अलग-अलग झूले लगाने की अनुमति ली थी। हादसे के बाद मंदिर परिसर में लगे सभी बड़े झूले बंद कर दिए गए हैं।
मंदिर ट्रस्ट ने दी सफाई
सोमनाथ मंदिर ट्रस्ट ने इस घटना पर सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने सिर्फ जमीन किराए पर दी थी। झूलों और अन्य सवारी का तकनीकी निरीक्षण मेले के संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी थी। इसलिए इस हादसे के लिए मंदिर ट्रस्ट को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।
ऑपरेटर की हालत नाजुक
हादसे में झूले का ऑपरेटर गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसके सिर और कमर में चोट आई है। वहीं अन्य घायलों को मामूली चोटें आई हैं।
अंतिम सावन सोमवार पर हुआ हादसा
बिलिमोरा नगर पालिका के कर्मचारी ने बताया कि रविवार को सावन का अंतिम सोमवार होने की वजह से मेले में बड़ी भीड़ जुटी थी। प्राथमिक जांच में झूले के केबल में खराबी की बात सामने आई है। फिलहाल एफएसएल टीम मौके पर जांच कर रही है।


