Mp Board Exam 2025 – मध्य प्रदेश के 10वीं और 12वीं कक्षा के छात्रों के लिए बड़ा बदलाव होने जा रहा है। इस बार बोर्ड परीक्षाएं पिछले साल की तुलना में करीब 15 दिन पहले, यानी 7 फरवरी 2025 से शुरू होंगी। यह कदम राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के तहत उठाया गया है, जिसके अनुसार अब बोर्ड परीक्षाएं साल में दो बार आयोजित की जाएंगी। मुख्य परीक्षा फरवरी में होगी, जबकि दूसरी परीक्षा जून में होने की संभावना है।
अर्धवार्षिक और प्री-बोर्ड भी पहले
इस साल अर्धवार्षिक और प्री-बोर्ड परीक्षाएं भी तय समय से एक महीने पहले आयोजित की जाएंगी। अब 9वीं से 12वीं तक की अर्धवार्षिक परीक्षाएं दिसंबर की जगह नवंबर में होंगी। इससे छात्रों को बोर्ड और वार्षिक परीक्षाओं की तैयारी के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा।
राज्य स्तर से प्रश्नपत्र और रिपोर्ट कार्ड
कक्षा 9वीं से 12वीं तक की अर्धवार्षिक परीक्षाओं के प्रश्नपत्र राज्य स्तर पर तैयार होंगे। इन परीक्षाओं में मिले अंक 9वीं और 11वीं की वार्षिक परीक्षाओं में जोड़े जाएंगे। परीक्षा खत्म होने के बाद प्रत्येक छात्र का रिपोर्ट कार्ड भी तैयार किया जाएगा।
विभाग ने किया संशोधन
इस बदलाव को ध्यान में रखते हुए स्कूल शिक्षा विभाग ने अर्धवार्षिक परीक्षा कार्यक्रम में संशोधन कर दिया है। विभाग का मानना है कि इससे छात्रों को तैयारी का बेहतर मौका मिलेगा और परीक्षा परिणाम की गुणवत्ता में सुधार होगा।


