Jabalpur News Today। बिजली बिल बकाया रखने वालों पर सिटी सर्किल ने सख्त रुख अपनाते हुए बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। पांचों सभागों में कुल 990 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे गए, जिन पर करीब 39.58 लाख रुपए का बकाया था। कार्रवाई के दौरान कई उपभोक्ताओं ने मौके पर ही बिल जमा कर दिया।
यह कार्रवाई भारी पुलिस बल और विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में की गई। टीमों ने कई स्थानों पर घरों के पोल और मीटर से कनेक्शन काटे। साथ ही उपभोक्ताओं को चेतावनी दी गई कि यदि दोबारा अवैध रूप से बिजली लाइन जोड़ी गई, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इन क्षेत्रों में हुई कार्रवाई
बिजली विभाग की टीमें शहर के कई हिस्सों में पहुंचीं। कार्रवाई पूर्व सभाग के जाकिर हुसैन वार्ड, चांदनी चौक, नालबंद मोहल्ला, पश्चिम सभाग के मिलौनीगंज, नया मोहल्ला, गोहलपुर, उत्तर सभाग के बिलपुरा, मढई, ठक्करग्राम, रांझी, अधारताल, दक्षिण सभाग के मांडवा बस्ती, भीटा और विजय नगर सभाग के प्रभात नगर, माढ़ोताल, उखरी-5,6 व बल्दवेबाग में की गई।
मौके पर हुई वसूली
कार्रवाई के दौरान 350 उपभोक्ता मौके पर ही आगे आए और बिल का भुगतान किया। विभाग ने 16 लाख 11 हजार रुपए की वसूली तुरंत की।
विभागीय अधिकारियों का बयान
सिटी सर्किल अधीक्षण अभियंता संजय अरोरा ने बताया कि “इन उपभोक्ताओं पर लाखों रुपए का बकाया था। अधिकतर क्षेत्र घनी आबादी और संवेदनशील इलाकों में आते हैं। लाइन लॉस कम करने और बकाया वसूली सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान चलाया गया है।”


