Jabalpur News Today। मध्य प्रदेश के कान्हा टाइगर रिजर्व में एक ही दिन तीन बाघों की मौत से सनसनी फैल गई है। मृतकों में दो शावक और एक वयस्क बाघ शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में आपसी संघर्ष की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वन विभाग ने मामले की गहन जांच के आदेश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, यह घटना 1 अक्टूबर से टाइगर रिजर्व में सैलानियों की आवाजाही शुरू होने के तुरंत बाद सामने आई। दो बाघों की मौत कान्हा रेंज की मुंडीदादर बीट में हुई, जबकि एक की मौत मुक्की रेंज के मवाला क्षेत्र में दर्ज की गई। मुक्की रेंज में तो दो नर बाघों के बीच संघर्ष हाथी गश्ती दल के सामने ही हुआ। वहां मौजूद दल ने देखा कि एक बाघ गुर्रा रहा था और पास ही एक बाघिन खड़ी थी। बाघिन के पास दो शावकों के शव पड़े मिले।
सूचना मिलते ही कान्हा पार्क के फील्ड डायरेक्टर, स्थानीय वन अधिकारी और चिकित्सकों की टीम मौके पर पहुंची। बाघों के शवों का पोस्टमार्टम भी कराया गया है। लगातार हो रही बाघों की मौत से पर्यावरण प्रेमी और वन्यजीव विशेषज्ञ चिंतित हैं। वे मानते हैं कि ऐसी घटनाएं न केवल जंगल के संतुलन के लिए खतरनाक हैं बल्कि पर्यटन और संरक्षण प्रयासों पर भी गंभीर सवाल खड़े करती हैं।


