Jabalpur news today। संस्कारधानी जबलपुर में आयोजित ऐतिहासिक मुख्य दशहरा चल समारोह 2025 के बाद नगर निगम ने स्वच्छता के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। महापौर जगत बहादुर सिंह ‘‘अन्नू’’ और निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार के मार्गदर्शन में निगम की स्वच्छता टीमों ने केवल 1 घंटे में पूरे जुलूस मार्ग को चकाचक कर दिया। यह ऐतिहासिक सफाई अभियान शहर में चर्चा का विषय बन गया है।
महापौर और निगमायुक्त के निर्देशन में तीन पत्ती चौक से लेकर हनुमानताल तक और अन्य दशहरा चल समारोह मार्गों के हर चप्पे-चप्पे पर नगर निगम की टीमें तैनात रहीं। जुलूस के समाप्त होते ही सभी संभागों की टीमें एक्शन में आ गईं और सफाई अभियान शुरू कर दिया।
माँ दुर्गा समितियों के पदाधिकारियों और गणमान्य नागरिकों ने निगम प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई की खुलकर सराहना की। महापौर और निगमायुक्त ने भी सफाई कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए शाबाशी और बधाई दी।
निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने बताया कि इस वर्ष नगर निगम ने पहले से ही एक विशेष लक्ष्य निर्धारित किया था — दशहरा चल समारोह के गुजरते ही मार्ग को एक घंटे के भीतर पूरी तरह स्वच्छ करना। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए मुख्यालय स्तर से लेकर हर संभाग तक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई थी।
उपायुक्त संभव अयाची, स्वास्थ्य अधिकारी अंकित बर्मन, एवं स्वच्छता सेल के सहायक नोडल अधिकारी व सहायक यंत्री अभिनव मिश्रा के नेतृत्व में पूरे अभियान की बारीकी से मॉनिटरिंग की गई।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक संभाग में मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक और उनके अधीनस्थ कर्मचारियों को निर्देश दिए गए थे कि जैसे ही चल समारोह का जुलूस समाप्त हो, तुरंत सफाई प्रारंभ की जाए।
अभियान के दौरान सफाई कार्य के लिए उपयोग में लाए गए उपकरणों में —
-
रोड स्विपिंग मशीनें,
-
गार्बेज लीटर पिकर मशीनें,
-
ट्रिपर वाहन,
-
ट्रैक्टर, और
-
मैनुअल श्रमिकों की टीमें
शामिल रहीं।
इनकी मदद से पूरे मार्ग पर जमा कचरा, पॉलिथीन, केले के छिलके, प्रसाद सामग्री, पाउच और अन्य अपशिष्ट पदार्थों को तत्काल हटाकर मार्ग को सुचारू रूप से स्वच्छ कर दिया गया।
निगमायुक्त अहिरवार ने बताया कि विसर्जन कुंडों पर भी टीमें मुस्तैद हैं और क्रमवार तरीके से प्रतिमाओं का विसर्जन कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नगर निगम की सभी व्यवस्थाएँ पूर्णतः दुरुस्त हैं और शहर को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है।
इस पूरे अभियान में सहायक स्वास्थ्य अधिकारी, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक और उनके सहयोगियों ने भी अपनी जिम्मेदारियों का उत्कृष्ट निर्वहन किया।
नगर निगम के इस त्वरित और प्रभावशाली सफाई अभियान ने न केवल स्वच्छ भारत मिशन के लक्ष्य को साकार किया, बल्कि जबलपुर को तेजी से प्रतिक्रिया देने वाले स्वच्छ नगर के रूप में स्थापित किया।


