https://youtube.com/shorts/dNR6wKAYQyE?si=QMLdzjsPZFqeArdv
Jabalpur News Today — शहर के गोरा बाजार थाना क्षेत्र के तिलहरी स्थित अनंततारा कॉलोनी में एक बार फिर चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने एक व्यापारी के घर में घुसकर अलमारी का ताला तोड़ दिया और उसमें रखे करीब ₹80,000 नकद चोरी कर फरार हो गए।
थाना प्रभारी रमन सिंह ने बताया कि अनंततारा फेस-2 निवासी कुलभूषण सिंह ने 13 अक्टूबर को रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 12 अक्टूबर की रात लगभग 10:30 बजे वे परिवार के साथ खाना खाकर टीवी देखकर सो गए थे। घर में उनकी पत्नी जया सिंह, बेटा आर्यन सिंह, और बेटी जान्हवी सिंह मौजूद थे। पत्नी और बच्चे ऊपर के कमरों में सो रहे थे, जबकि नीचे वाला कमरा खाली था।
सुबह जब बेटी जान्हवी नीचे आई, तो उसने देखा कि मुख्य दरवाजे की चटखनी टूटी हुई थी और अलमारी के दोनों ताले भी टूटे हुए थे। अलमारी में रखे लगभग ₹80,000 नकद गायब थे।
कुलभूषण सिंह की शिकायत पर गोराबाजार थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों को बुलाया गया है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि हाल ही में कॉलोनी में बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ी है, जिससे सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों का सुराग मिल सके।


