जबलपुर। नगर निगम में शुक्रवार को सेवानिवृत्त हुए 11 अधिकारी एवं कर्मचारियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इस अवसर पर संभाग क्रमांक-4 के लिपिक विष्णु पटेल के 40 वर्षों के सेवाकाल की विशेष सराहना की गई। अधिकारियों ने कहा कि श्री पटेल ने अपने कार्यकाल में निष्ठा, समर्पण और मिलनसार व्यवहार से अपनी अलग पहचान बनाई। उनकी सेवाएं निगम कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगी। गौरतलब है कि श्री पटेल शासकीय सेवा में रहते हुए भी सामाजिक सरोकारों से अपना गहरा नाता बनाए रखे हैं। वे सनातन धर्म महासभा सहित विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं से जुड़े रहकर विभिन्न आयोजनों में अपनी सक्रिय भूमिका निभाते हैं।
विदाई समारोह में पूर्व संभागीय अधिकारी कुलदीप तिवारी, पवन श्रीवास्तव, सहायक वार्ड सुपरवाइजर इब्राहिम/यंगैया, हेल्पर लखन पटैल, माली विजय कनौजिया, रामहेत कनौजिया, सफाई संरक्षक श्रीमती मुन्नी/सुरेश, सफाई मित्र श्रीमती लक्षम्मा/अप्पलस्वामी तथा स्थायी कर्मी हरीलाल कुशवाला एवं जगदीश पटैल को भी सम्मानित किया गया।
समारोह में सभी सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शॉल, श्रीफल, फूलमाला और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके सुखद एवं यशस्वी जीवन की शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम में निगम अधिकारी, कर्मचारी, परिजन एवं इष्टमित्र बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


