19.3 C
Jabalpur
October 27, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

महाराष्ट्र: पार्किंग विवाद ने लिया हिंसक रूप, सात लोगों पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज

दौंड, 4 दिसंबर । महाराष्ट्र के पुणे जिले में स्थित दौंड तालुका के भीमनगर क्षेत्र में पार्किंग को लेकर हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक हो गया। इस घटना में सात लोगों ने मिलकर एक परिवार पर हमला किया, घर में घुसकर तोड़फोड़ की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी। मामले में शिकायत मिलने के बाद दौंड पुलिस ने गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

भीमनगर के रहने वाले राजेंद्र धोंडीराम जाधव (51) की ओर से इस मामले में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत के अनुसार, वे कम्युनिटी सेंटर के पास वोट देने जा रहे थे, तभी बिना किसी कारण सूर्यकांत गेनबा सोनवणे ने उन्हें थप्पड़ मार दिया। जाधव के मुताबिक, इसके बाद विवाद यहीं नहीं रुका। उसी दिन दोपहर करीब 2 बजे आरोपियों का समूह उनके घर पहुंचा और परिवार पर हमला कर दिया।

इस मामले में सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों में सूर्यकांत गेनबा सोनवणे, सुनील गेनबा सोनवणे, अमित सुनील सोनवणे, सुजीत सुनील सोनवणे, संकेत उर्फ सोन्या सूर्यकांत सोनवणे, रिंकू सूर्यकांत सोनवणे और सुनीता सूर्यकांत सोनवणे शामिल हैं। ये सभी आरोपी भीमनगर के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इन सातों ने मिलकर शिकायतकर्ता, उनकी बेटी, भाई और भतीजी से मारपीट की, उन्हें धमकाया और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। आरोपियों ने शिकायतकर्ता के कंपाउंड गेट को तोड़कर घर के अंदर घुस गए, घर में मौजूद सामान को नुकसान पहुंचाया और घर के सामने खड़ी मोटरसाइकिल को गिरा दिया। इतना ही नहीं, पत्थर और ईंट फेंककर भी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया।

दौंड पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 189(2), 190, 191(2), 115(2), 125, 352, 351(2), 324(4), 333 के तहत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। इस मामले की जांच पो. हवा. घाडगे को सौंपी गई है।

अन्य ख़बरें

भोपाल में भाजपा का कांग्रेस कार्यालय पर प्रदर्शन

Newsdesk

मैरी और कजाकिस्तान की आईआईटीयू के बीच एआई और साइबर सुरक्षा अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए समझौता

Newsdesk

खेत की मेड़ पर मृत मिला चीतल, फेंसिंग में करंट से मौत की आशंका

Newsdesk

Leave a Comment

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading