34.8 C
Jabalpur
May 28, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

कलेक्‍टर ने ली राजस्‍व अधिकारियों की बैठक

राजस्‍व प्रकरणों की विस्‍तार से की गई समीक्षा

बालाघाट  कलेक्‍टर श्री मृणाल मीना ने 08 जनवरी को राजस्‍व अधिकारियों की बैठक लेकर राजस्‍व संबंधी प्रकरणों की विस्‍तार से समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्‍यक दिशा निर्देश दिये। बैठक में अपर कलेक्‍टर श्री जीएस धुर्वे, श्री डीपी बर्मन, संयुक्‍त कलेक्‍टर श्री राहुल नायक, डिप्‍टी कलेक्‍टर श्री प्रदीप कौरव उपस्थित थे। सभी एसडीएम, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार वीडियों कांफ्रेंसिंग के माध्‍यम से इस बैठक में उपस्थित थे।

बैठक में सर्वप्रथम समर्थन मूल्‍य पर धान खरीदी के संबंध में चर्चा की गई। इस दौरान बताया गया कि गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष अब तक लांजी तहसील में 104 प्रतिशत एवं किरनापुर तहसील में 109 प्रतिशत धान की खरीदी की जा चुकी है। वारासिवनी तहसील में 2265 एवं खैरलांजी तहसील में 2304 किसानों से धान की खरीदी की जाना शेष है। तिरोड़ी तहसील के महकेपार में 319, बिरसा तहसील में मंडई में 229 एवं लालबर्रा तहसील के मोहगांव (ध) में 222 किसानों ने धान विक्रय के लिए स्‍लॉट बुक किये है।

कलेक्‍टर श्री मीना ने लांजी एवं किरनापुर के एसडीएम से कहा कि इन तहसीलों में अतिवर्षा एवं माहू के प्रकोप से धान फसल की क्षति होने के बाद भी इतनी अधिक मात्रा में धान की खरीदी कैसे हुई इसकी जांच करें। उन्‍होंने सभी एसडीएम एवं तहसीलदारों को निर्देशित किया कि जिन किसानों द्वारा 100 क्विंटल से अधिक की धान बिक्री की जाना है उसका सत्‍यापन करें। इसके लिए राजस्‍व, कृषि एवं खाद्य आपूर्ति विभाग की संयुक्‍त टीम को ऐसे किसानों के घर-घर जाकर सत्‍यापन करने कहा गया है कि उस किसान के घर पर स्‍लॉट के अनुसार धान उपलब्‍ध है या नहीं। कलेक्‍टर श्री मीना ने बैठक में सख्‍त निर्देश दिये कि किसान के नाम पर किसी व्‍यापारी या बिचौलिये द्वारा धान की बिक्री की जाती है तो तत्‍काल उसके विरूद्ध एफआईआर दर्ज कराए।

बैठक में राजस्‍व विभाग के कार्यों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि भू-अभिलेखो में फौती दर्ज कराने के लिए जिले में बी-01 वाचन का विशेष अभियान चलाया गया है। इस अभियान के अंतर्गत बालाघाट एवं तिरोड़ी तहसील में बी-1 वाचन के दौरान मृत पाये गए शत प्रतिशत मामलों में फौती दर्ज कर ली गई है। बैहर, बिरसा एवं लांजी तहसील में फौती दर्ज करने के मामले में रिकार्ड अपडेट नही हुआ है। इस पर कलेक्‍टर श्री मीना ने निर्देशित किया कि जिले में कहीं पर भी फौती दर्ज करने का प्रकरण लंबित नही रहना चाहिए। यदि किसी गांव में फौती दर्ज करने का प्रकरण लंबित पाया जाएगा तो संबंधित पटवारी के विरूद्ध कार्यवाही की जाएगी। उन्‍होंने बी-1 वाचन एवं फौती दर्ज करने के लिए प्रत्‍येक माह के अंतिम सप्‍ताह में गुरुवार, शुक्रवार एवं शनिवार का दिन निर्धारित करने के निर्देश दिये और कहा कि पटवारी इन दिनों में गांव में जाकर बी-1 वाचन एवं फौती दर्ज का कार्य अनिवार्य रूप से करें।

बैठक में राजस्‍व अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जिले के सभी किसानों की फार्मर आईडी बनाने का कार्य शीघ्रता से पूर्ण करें। आने वाले दिनों में फार्मर आईडी के माध्‍यम से ही किसानों को उर्वरक का विक्रय किया जाएगा। जिन किसानों की फार्मर आईडी नही होगी उन्‍हें उर्वरक प्राप्‍त नही होगा। अत: सभी राजस्‍व अधिकारी फार्मर आईडी बनाने का कार्य त‍त्‍परता के साथ करें। नक्‍शा तरमीम की समीक्षा के दौरान पाया गया कि तिरोड़ी तहसील में सबसे कम प्रगति है और खैरलांजी तहसील में भी इसकी प्रगति कम है। इस पर कलेक्‍टर श्री मीना ने निर्देशित किया कि नक्‍शा तरमीम का कार्य कहीं पर भी लंबित नही रहना चाहिए। प्राकृतिक आपदा से राहत के लिए आरबीसी 6-4 प्रकरणों की समीक्षा के दौरान निर्देशित किया गया कि इस योजना में आर्थिक सहायता का कोई भी प्रकरण लंबित नही रहना चाहिए।

बैठक में सीएम हेल्‍पलाईन की लंबित शिकायतों की समीक्षा के दौरान सभी एसडीएम को निर्देशित किया गया कि वे अपने क्षेत्र के 500 दिन से अधिक की लंबित शिकायतों की समक्ष में सुनवाई करें और उन शिकायतों को संतुष्टि के साथ बंद कराए। सीएम हेल्‍पलाईन की शिकायतों एवं राजस्‍व प्रकरणों के निराकरण में संतोषजनक कार्य नही करने पर लामता के तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार का वेतन रोकने के निर्देश दिये गए। बैठक में आरसीएमएस पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों की समीक्षा के दौरान निर्देशित किया गया कि कोई भी प्रकरण 03 माह से अधिक का लंबित नही रहना चाहिए।

विभिन्‍न राजस्‍व मदों एवं आरआरसी प्रकरणों में वसूली की समीक्षा के दौरान कलेक्‍टर श्री मीना ने निर्देशित किया कि वसूली का लक्ष्‍य समय सीमा में अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाए। जिन प्रकरणों में आरआरसी दर्ज की गई है उन प्रकरणों में वसूली के लिए चल-अचल सम्‍पत्ति की कुर्की एवं नीलामी की कार्यवाही की जाए। इस दौरान बैहर एसडीएम द्वारा बताया गया कि हिंदुस्‍तान कॉपर लिमिटेड (एचसीएल) से 02 करोड़ 08 लाख रुपए की वसूली की जाना है, यह राशि गत वर्ष की है और एचसीएल द्वारा अब तक राशि जमा नही करायी गई है।

अन्य ख़बरें

सुकून होटल में पकड़ी गई युवती निकली मेडिकल की डॉक्टर, युवक सुपरवाइजर

Newsdesk

भीषण गर्मी में आग के घेरे में बैठकर किन्नर साधु कर रहे हठयोग

Newsdesk

लालबर्रा में रेत माफियाओं का आतंक – आरक्षक पर चढ़ाया ट्रैक्टर, हालत गंभीर

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading