पीएमश्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैहर में नए शिक्षा सत्र 2026-27 के शुभारंभ के अवसर पर 01 अप्रैल को प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, पालकगण, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्राओं की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की शुरुआत नवप्रवेशित छात्राओं के तिलक वंदन के साथ हुई, जिससे उन्हें आत्मीय स्वागत का अनुभव मिला। इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री सुरेन्द्र गुड्डा मरकाम एवं नगर परिषद बैहर की पार्षद सुश्री कीर्ति शुक्ला ने कक्षा 6वीं, 7वीं, 8वीं, 9वीं एवं 11वीं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। विद्यालय में नवप्रवेश लेने वाली सभी छात्राओं को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण भी किया गया, जिससे उनकी शिक्षा यात्रा की सशक्त शुरुआत सुनिश्चित हो सके। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत एवं विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर वातावरण को आनंदमय बना दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री एन.सी. पटले सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्राएं एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे।कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं प्राचार्य श्री पटले ने नवप्रवेशी छात्राओं का स्वागत करते हुए उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने, अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने तथा विद्यालय और अपने माता-पिता का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।


