जबलपुर। गंगासागर इलाके में स्थित ‘श्री सत्य साईं टिंबर एंड प्लाईवुड’ दुकान में देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग शॉर्ट सर्किट के कारण भड़की, जिसने देखते ही देखते पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 2:45 बजे की बताई जा रही है। बताया गया है कि दुकान के पास लगी एक सीएनसी मशीन में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे निकली चिंगारियों ने लकड़ी और प्लाईवुड के स्टॉक में आग पकड़ ली। टिंबर सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैल गई और इलाके में घना धुआं छा गया।
स्थानीय लोगों की सूचना पर दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। हालांकि, मुख्य मार्ग निर्माणाधीन होने के कारण फायर ब्रिगेड को पीछे के रास्ते से पहुंचना पड़ा, जिससे आग बुझाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। कई घंटों की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया गया।
दुकान मालिक के अनुसार, इस अग्निकांड में करीब ₹4.5 से 5 लाख के नुकसान का अनुमान है। हालांकि, समय रहते आग पर काबू पा लेने से आसपास की अन्य दुकानों को सुरक्षित बचा लिया गया।
फिलहाल, नुकसान का आकलन किया जा रहा है। इस घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में बिजली सुरक्षा और शॉर्ट सर्किट के खतरों को लेकर चिंता बढ़ गई है।


