जल गंगा संवर्धन अभियान के लक्षित कार्यो को समय सीमा में पूर्ण कराने के दिए निर्देश
जबलपुर। संभागायुक्त धनंजय सिंह ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से संभाग के सभी कलेक्टरों से शासन के कार्यक्रमों एवं प्राथमिकता अभियानों के संबंध में चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों से संबंधित विभागों की विस्तार से समीक्षा की l लोक निर्माण विभाग, पीआईयू, भवन विकास निगम, सेतु निर्माण, मध्यप्रदेश पुलिस आवास एवं अधोसंरना विकास निगम, जल संसाधन विभाग तथा मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम द्वारा संभाग के सभी जिलों में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। सभी जिलों में चल रहे प्रगतिरत, पूर्ण, अपूर्ण कार्यों की विस्तृत समीक्षा कर अप्रारंभ कार्यों के कारणों के बारे में जानकारी ली। संभागायुक्त श्री सिंह ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि सभी निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।
संभागायुक्त श्री सिंह ने एसीएस की बैठकों के निर्माण विभागों से संबंधित कार्यवाही विवरण के पालन प्रतिवेदन पर समीक्षा करते हुए जल संसाधन विभाग के विभागीय अधिकारियों से नहरों की मरम्मत व संधारण के कार्यों की भी समीक्षा की।
जल गंगा संवर्धन अभियान 2026 एवं जल संचय जन भागीदारी 2.0 की समीक्षा के दौरान संभाग के जिलों की स्टेट रैंकिंग पर चर्चा की एवं कमिश्नर श्री सिंह द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत सभी सहभागी विभागों के निर्धारित लक्ष्य अनुरूप कार्य/गतिविधियों को सतत मॉनिटरिंग करते हुए समय सीमा में पूर्ण कराने हेतु कलेक्टर्स को निर्देशित किया।
वीडियों कांफ्रेंस में राजस्व एवं सामान्य प्रशासन से जुड़े मामलों, जिसमें राजस्व न्यायालयों के लंबित प्रकरण, राजस्व वसूली, सीएम हेल्पलाईन, सीपीग्राम, सीएम तथा सीएस मॉनिट, लोक सेवा गारंटी, जीएडी, लोकायुक्त कार्यालय से प्राप्त शिकायतों, लंबित विभागीय जांचों, अनुकंपा नियुक्ति और पेंशन प्रकरणों पर समीक्षा कर इन्हें समय सीमा में निराकरण करने के साथ ही पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा पूर्व में निर्मित अमृत सरोवरों को राजस्व अभिलेख में दर्ज कराने की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
कृषि एवं संबंद्ध विभागों की समीक्षा के दौरान गेहूं उपार्जन के संबंध में समीक्षा कर विभागीय दिशा निर्देश अनुरूप खरीदी केंद्रों की समुचित निगरानी एवं आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने और भंडारण व्यवस्था को बेहतर बनाने को कहा। उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना, हिरण्यगर्भा अभियान एवं क्षीरधारा ग्राम योजना की भी समीक्षा की।
नगरीय प्रशासन विभाग अंतर्गत नगरीय क्षेत्र में एसबीएम 2.0 और अमृत 2.0 प्रोजेक्ट अंतर्गत कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिये गये। संभागायुक्त ने स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा की समीक्षा के दौरान एचपीवी टीकाकरण, मुख्यमंत्री बाल आरोग्य संवर्धन कार्यक्रम अंतर्गत पंजीयन, गर्भवती महिलाओं में एएनसी पंजीयन की समीक्षा की गई। इसके अतिरिक्त जनजातीय कार्य विभाग अंतर्गत प्री मैट्रिक, पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति वितरण तथा अत्याचार निवारण अधिनियम अंतर्गत लंबित राहत राशि भुगतान की समीक्षा की गई।
बैठक में उन्होंने कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस बिंदुओं के पालन प्रतिवेदन पर भी विस्तार से चर्चा कर प्रगति का जायजा लिया। समीक्षा के दौरान जिले के कलेक्टर्स एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी वर्चुअली रूप से सम्मलित रहे।


