April 30, 2026
सी टाइम्स
राष्ट्रीय

‘देश की जनगणना सिर्फ सरकारी काम नहीं’, पीएम मोदी ने लोगों से की जनगणना 2027 को सफल बनाने की अपील

नई दिल्ली, 26 अप्रैल । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से जनगणना 2027 को मिलकर सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह दुनिया की सबसे बड़ी जनगणना है। देश की जनगणना सिर्फ सरकारी काम नहीं है। यह हम सब की जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम में कहा, “देश में इस समय एक बहुत अहम अभियान चल रहा है, जिसके बारे में हर भारतीय को जानकारी होनी जरूरी है। ये जनगणना का अभियान है। जो साथी पहले से इस तरह की प्रक्रिया से गुजरे हैं, इस बार जनगणना का उनका अनुभव अलग होने वाला है। जनगणना 2027 को डिजिटल बनाया गया है।

सारी जानकारी सीधे डिजिटल माध्यम में दर्ज हो रही है। घर-घर जाने वाले कर्मचारियों के पास मोबाइल ऐप है। वे आपसे बात करके उसी में जानकारी दर्ज करेंगे।” देशवासियों से जनगणना में हिस्सा लेने की अपील करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “इस बार जनगणना में आपकी भागीदारी भी आसान बनाई गई है, आप खुद भी अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। कर्मचारी के आने से 15 दिन पहले आपके लिए सुविधा शुरू होगी। आप अपने समय के अनुसार जानकारी भर सकते हैं।” उन्होंने आगे कहा, “जब आप प्रक्रिया पूरी करते हैं, तो आपको एक विशेष आईडी मिलती है।

ये आईडी आपके मोबाइल या ईमेल पर आती है। बाद में जब कर्मचारी आपके घर आता है, तो आप यही आईडी दिखाकर जानकारी की पुष्टि कर सकते हैं। इससे दोबारा जानकारी देने की जरूरत नहीं पड़ती।” पीएम मोदी ने जानकारी दी कि जिन राज्यों में स्व-गणना का काम पूरा हो गया है, वहां गणना कर्मचारी की ओर से घरों के सूचीकरण का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। अब तक लगभग 1 करोड़ 20 लाख परिवारों का मकान सूचीकरण का कार्य पूरा भी हो चुका है। उन्होंने कहा, “देश की जनगणना सिर्फ सरकारी काम नहीं है। यह हम सब की जिम्मेदारी है।” उन्होंने अपील करते हुए कहा, “आपकी दी गई जानकारी पूरी तरह सुरक्षित रहती है। यह गोपनीय रखी जाती है। डिजिटल सुरक्षा के साथ इसे सुरक्षित किया जाता है। आइए, हम सब मिलकर इस प्रक्रिया में भाग लें।”

अन्य ख़बरें

सुप्रीम कोर्ट में बोले पवन खेड़ा, मुझे हिरासत में लेकर अपमानित किया जाएगा ,

Newsdesk

डीपफेक और डिजिटल उत्पीड़न का असर, महिलाएं सार्वजनिक मंचों से बना रहीं दूरी: अध्ययन में खुलासा

Newsdesk

भारत में घरों की बिक्री 2026 की पहली तिमाही में 8 प्रतिशत बढ़ी, नए लॉन्च में 13 प्रतिशत का उछाल

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading