जबलपुर। रेलवे द्वारा देश के व्यस्ततम रेल मार्गों में शामिल मुंबई–कोलकाता रूट पर ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए बड़ी योजना पर काम शुरू किया जा रहा है। इसके तहत जबलपुर से इटारसी तथा जबलपुर से मानिकपुर तक तीसरी रेल लाइन बिछाई जाएगी, जिससे लंबी दूरी के यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
करीब 519 किलोमीटर लंबी इस तीसरी लाइन परियोजना के लिए लगभग 9461 करोड़ रुपये की डीपीआर को रेलवे बोर्ड से प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद इटारसी–जबलपुर–सतना मार्ग से प्रयागराज (इलाहाबाद) और कोलकाता जाने वाले यात्रियों का सफर अधिक सुगम और तेज हो जाएगा।
वर्तमान में जबलपुर, कटनी और सतना जैसे बड़े जंक्शनों पर अत्यधिक रेल यातायात के कारण ट्रेनों को अक्सर आउटर पर 30 मिनट से लेकर एक घंटे तक इंतजार करना पड़ता है। नई तीसरी लाइन बनने के बाद इन प्रमुख स्टेशनों के बाहर बाईपास लाइन भी तैयार की जाएगी, जिससे सुपरफास्ट और मालगाड़ियां बिना रुके सीधे आगे बढ़ सकेंगी और समय की बचत होगी।
रेलवे द्वारा इस परियोजना के लिए प्रारंभिक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। सर्वेक्षण और मिट्टी परीक्षण का कार्य जारी है और इसे एनपीजी से भी मंजूरी मिल चुकी है। उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले समय में यह परियोजना क्षेत्रीय रेल परिवहन को नई गति देगी और यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराएगी।


