May 2, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

जैतहरी में “आरोह 2026” ग्रीष्मकालीन खेल शिविर का शुभारंभ, खेल के साथ व्यक्तित्व विकास का अनूठा संगम


जैतहरी।मध्य प्रदेश शासन निर्देशानुसार जैतहरी में “ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर आरोह 2026” का भव्य शुभारंभ सरस्वती शिशु उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर अनूपपुर हर्षल पंचोली, पुलिस अधीक्षक मोतीउर रहमान, जिला पंचायत सीईओ अर्चना कुमारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं जिला खेल अधिकारी  जगनाथ मरकाम के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। शिविर के आयोजक ब्लॉक समन्वयक, स्टेट रेफरी एवं नेशनल ट्रेनर वॉलीबॉल दिनेश कुमार सिंह चंदेल के नेतृत्व में यह आयोजन खेल एवं युवा कल्याण विभाग के प्रशिक्षक रामचंद्र यादव एवं कमलकांत साहू के सहयोग से सफलतापूर्वक प्रारंभ हुआ।कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर तिलक वंदन के साथ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि विद्यालय के व्यवस्थापक डॉ. पुष्पेंद्र नामदेव ने कहा कि “आरोह” का अर्थ है आगे बढ़ना और निरंतर उन्नति करना। उन्होंने बताया कि इस शिविर में खेल प्रशिक्षण के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियां, व्यक्तित्व विकास, नशा मुक्ति, स्वच्छता एवं साइबर अपराधों से बचाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी मार्गदर्शन दिया जाएगा।विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी एवं सेवानिवृत्त शिक्षक प्रदीप गुप्ता ने युवाओं से ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया और आयोजकों के प्रयासों की सराहना की। योग विशेषज्ञ आकृति गुप्ता ने योग के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए प्रतिभागियों को योगाभ्यास कराया। वहीं ताइक्वांडो प्रशिक्षक विकास भारतीया एवं एथलेटिक्स व वॉलीबॉल प्रशिक्षक दिनेश कुमार सिंह चंदेल द्वारा विभिन्न खेलों की आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
शिविर में उत्कृष्ट खेल मैदान जैतहरी में एथलेटिक्स, व्यायाम, ताइक्वांडो एवं वॉलीबॉल का नियमित प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे युवाओं में नई ऊर्जा और अनुशासन का संचार हो रहा है। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को चना एवं गुड़ का स्वल्पाहार वितरित किया गया।
यह ग्रीष्मकालीन शिविर 1 मई से 31 मई 2026 तक संचालित होगा, जिसमें बड़ी संख्या में युवक-युवतियां भाग लेकर अपने शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास की दिशा में अग्रसर हो रहे हैं। कार्यक्रम का संचालन स्वयं आयोजक दिनेश कुमार सिंह चंदेल द्वारा प्रभावशाली ढंग से किया गया।

अन्य ख़बरें

मध्य प्रदेश के कई जिलों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना

Newsdesk

अनूपपुर में मजदूर दिवस पर गूंजा ‘मजदूर एकता, अधिकार और सम्मान’ का संदेश, असंगठित श्रमिकों के हक के लिए जागरूकता का आह्वान

Newsdesk

अनूपपुर जंगल विभाग के पटना बीट में पाए गए दो मृत हिरण

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading