जबलपुर में बुधवार देर रात तिलवारा पुल पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की मौत हो गई। हादसे के दौरान महिला पुल से करीब 50 फीट नीचे नर्मदा नदी में जा गिरी, जबकि पति सड़क पर दूर जा गिरा। गनीमत रही कि दंपती की एक साल की बच्ची को कोई गंभीर चोट नहीं आई।
घटना रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, माढ़ोताल निवासी नारायण उर्फ बंटी केवट (32) अपनी पत्नी शालनी केवट (30) और एक साल की बच्ची के साथ बाइक से ग्राम ओरैया लौट रहे थे। नारायण अपनी पत्नी को उसके मायके दलपतपुर से लेकर घर वापस जा रहे थे। इसी दौरान तिलवारा पुल पर एक सफेद पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि नारायण कई फीट उछलकर सड़क पर जा गिरे, जबकि शालनी पुल से नीचे नर्मदा नदी में गिर गईं। बच्ची हादसे के बाद सड़क किनारे पड़ी मिली। मौके पर पहुंचे लोगों ने बच्ची को उठाकर सुरक्षित किया।
स्थानीय लोगों की सूचना पर तिलवारा थाना पुलिस और डायल 108 मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल नारायण को मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं पुलिस ने पुल के नीचे नर्मदा नदी से शालनी को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी भी मौत हो चुकी थी।
मृतक के पर्स से मिले दस्तावेजों के आधार पर देर रात परिजनों को सूचना दी गई। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जिसके बाद उन्हें परिजनों को सौंपा जाएगा।
तिलवारा थाना प्रभारी ब्रजेश मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और टक्कर मारने वाले वाहन का पीछा किया। कुछ दूरी पर सड़क किनारे पिकअप वाहन क्रमांक UP 70 MT 8621 खड़ा मिला, लेकिन चालक मौके से फरार हो चुका था। पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी के अनुसार, नारायण निजी नौकरी करता था। उसकी पत्नी शालनी कुछ दिनों से मायके दलपतपुर में रह रही थी। बुधवार को नारायण बाइक से पत्नी और बच्ची को लेने गया था। रात में लौटते समय यह हादसा हो गया।


