अनूपपुर। 01 मई अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर कांग्रेस शाखा अनूपपुर द्वारा शाखा कार्यालय में “मजदूर एकता, अधिकार, सम्मान” विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा और असंगठित मजदूरों को शोषण से मुक्ति दिलाने की दिशा में जागरूक रहने का संदेश दिया।
मुख्य वक्ता के रूप में रेलवे मजदूर कांग्रेस बिलासपुर के जोनल कार्यकारी अध्यक्ष एवं सीआईसी प्रभारी लक्ष्मण राव ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस हमें पूर्वजों के बलिदान की याद दिलाता है और श्रमिकों को मिले अधिकारों को सुरक्षित रखने की प्रेरणा देता है। उन्होंने बताया कि एनएफआईआर के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. एम. राघवैया एवं मजदूर कांग्रेस बिलासपुर के जोनल महामंत्री पीतांबर लक्ष्मी नारायण के निर्देशानुसार रेलवे कर्मचारियों के साथ-साथ असंगठित मजदूरों को आर्थिक, चिकित्सा और सामाजिक अधिकार दिलाना संगठन की प्राथमिकता है।
शाखा सचिव जयंतो दासगुप्ता ने जानकारी दी कि बिलासपुर मंडल समन्वयक विजय अग्निहोत्री के निर्देश एवं लक्ष्मण राव के मार्गदर्शन में संगोष्ठी आयोजित की गई। इस अवसर पर रेलवे क्षेत्र में कार्यरत महिला कुली एवं महिला सफाई कर्मचारियों को साड़ियां तथा पुरुष कुली व सफाई कर्मचारियों सहित विभिन्न विभागों के रेल कर्मचारियों को साफा भेंटकर सम्मानित किया गया।
संगोष्ठी में वरिष्ठ पत्रकार अरविंद बियानी, मुख्य स्टेशन अधीक्षक अनूपपुर एम.पी. शर्मा, स्वास्थ्य निरीक्षक नरेन्द्र मीणा, एस.के. कोरी, सफाई कामगार यूनियन नेता अजय चौधरी, युवा नेता किशन द्विवेदी, रविकांत राय सहित मजदूर कांग्रेस के पदाधिकारी विवेक राय, सदाशिव पाण्डेय, एस. संजीव राव, मौमिता मजूमदार, जी. सुर्याराव, मुकेश यदुवंशी एवं अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में रेलवे कर्मचारी एवं रेल क्षेत्र के असंगठित सफाई कर्मचारियों की भारी उपस्थिति रही, जिससे मजदूर एकता और अधिकारों के प्रति जागरूकता का सशक्त संदेश प्रसारित हुआ।


