अनूपपुर। कांग्रेस सेवादल के संस्थापक डॉ. एन.एस. हार्डीकर जी की जयंती 7 मई, गुरुवार को जिला कांग्रेस सेवादल अनूपपुर द्वारा श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कार्यालय, राजीव भवन अनूपपुर में प्रातः 11:00 बजे से जिला एवं ब्लॉक स्तरीय पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी।
कार्यक्रम के अंतर्गत डॉ. हार्डीकर के जीवन, त्याग और संगठनात्मक योगदान पर विचार गोष्ठी आयोजित की जाएगी तथा संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने की रणनीति पर चर्चा होगी।
जानकारी देते हुए जिला कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष डॉ. एहसान अली अंसारी ने बताया कि कांग्रेस सेवादल, महिला सेवादल एवं यंग ब्रिगेड के सभी पदाधिकारी एवं सेवादार सेवादल की निर्धारित यूनिफॉर्म में समय पर उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष गुड्डू चौहान, पुष्पराजगढ़ विधायक फुन्देलाल सिंह मार्को, पूर्व विधायक मनोज अग्रवाल, पूर्व विधायक सुनील सराफ, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रीति रमेश सिंह सहित कांग्रेस पार्टी के कई वरिष्ठ नेता एवं जनप्रतिनिधि आमंत्रित रहेंगे।


