33.2 C
Jabalpur
May 9, 2026
सी टाइम्स
राष्ट्रीय

पीएम मोदी का 10-11 को कर्नाटक, तेलंगाना व गुजरात दौरा, तेलंगाना को देंगे 9400 करोड़ की सौगात



नई दिल्ली, 9 मई  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 और 11 मई को कर्नाटक, तेलंगाना और गुजरात के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे कई धार्मिक, सामाजिक और विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री का यह दौरा बुनियादी ढांचे, औद्योगिक विकास, स्वास्थ्य सेवाओं और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। 

प्रधानमंत्री 10 मई की सुबह बेंगलुरु पहुंचेंगे, जहां वे ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ के 45वें स्थापना दिवस समारोह और गुरुदेव श्रीश्री रविशंकर के 70वें जन्मोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस अवसर पर वे बेंगलुरु स्थित ‘आर्ट ऑफ लिविंग इंटरनेशनल सेंटर’ में नवनिर्मित ‘ध्यान मंदिर’ का उद्घाटन करेंगे। यह ध्यान केंद्र आंतरिक शांति और मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। प्रधानमंत्री संस्था की मानसिक कल्याण, ग्रामीण विकास, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक परिवर्तन से जुड़ी कई नई सेवा पहलों का भी शुभारंभ करेंगे।

इसके बाद प्रधानमंत्री हैदराबाद जाएंगे, जहां वे करीब 9,400 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। इनमें हैदराबाद-पणजी आर्थिक गलियारे के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग-167 के गुड्डेबेल्लूर से महबूबनगर तक चार लेन विस्तार परियोजना प्रमुख है, जिसकी लागत 3,175 करोड़ रुपये से अधिक है। इस परियोजना से यात्रा समय में लगभग डेढ़ घंटे की कमी आएगी और तेलंगाना-कर्नाटक के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी।

प्रधानमंत्री संगारेड्डी जिले में जहीराबाद इंडस्ट्रियल एरिया की आधारशिला भी रखेंगे। लगभग 2,350 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह स्मार्ट इंडस्ट्रियल टाउनशिप ऑटोमोबाइल, फूड प्रोसेसिंग और मशीनरी उद्योगों के लिए बड़ा केंद्र बनेगी। इससे करीब 10,000 करोड़ रुपये के निवेश और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन की उम्मीद है।

वारंगल में प्रधानमंत्री देश के पहले पूर्ण रूप से संचालित पीएम मित्रा पार्क का उद्घाटन करेंगे। लगभग 1,700 करोड़ रुपये की लागत वाला यह मेगा टेक्सटाइल पार्क भारत सरकार के ‘5एफ विजन’ को साकार करेगा और वैश्विक व्यापार के लिए आधुनिक लॉजिस्टिक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।

इसके अलावा प्रधानमंत्री 1,535 करोड़ रुपये की रेल परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इनमें काज़ीपेट-विजयवाड़ा मल्टी-ट्रैकिंग प्रोजेक्ट और काज़ीपेट रेल बाईपास शामिल हैं। साथ ही, इंडियन ऑयल की मलकापुर टर्मिनल परियोजना और हैदराबाद में अत्याधुनिक ‘सिंधु अस्पताल’ का उद्घाटन भी करेंगे।

11 मई को प्रधानमंत्री गुजरात के दौरे पर रहेंगे। वे सोमनाथ मंदिर में ‘सोमनाथ अमृत महोत्सव’ में भाग लेंगे और मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना करेंगे। इस दौरान वे स्मारक डाक टिकट और सिक्का भी जारी करेंगे।

इसके बाद प्रधानमंत्री वडोदरा में ‘सरदारधाम हॉस्टल’ का उद्घाटन करेंगे। इस परिसर में छात्र-छात्राओं के लिए आधुनिक हॉस्टल, पुस्तकालय, भोजनालय और ई-लाइब्रेरी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। प्रधानमंत्री दोनों राज्यों में जनसभाओं को भी संबोधित करेंगे।

अन्य ख़बरें

भारत ने एडवांस्ड अग्नि मिसाइल का किया सफल परीक्षण, कई लक्ष्यों पर कर सकती है हमला

Newsdesk

तमिलनाडु में रविवार को सीएम पद की शपथ लेंगे विजय, चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में होगा समारोह

Newsdesk

जोफ्रा आर्चर ने फेंका आईपीएल इतिहास का सबसे लंबा ओवर, नाम जुड़ा शर्मनाक रिकॉर्ड

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading