1091 करोड़ रूपये से पहले चरण में होगा हॉस्पिटल ब्लॉक, ओपीडी भवन, नर्सिंग कॉलेज, हॉस्टल और सुपर स्पेशलिटि हॉस्पिटल के नए भवन का निर्माण
जबलपुर। नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज जबलपुर का विस्तार होगा और इस अस्पताल की क्षमता बढ़कर लगभग 3 हजार 046 बिस्तरों की हो जायेगी। इसके लिए री-डेवलपमेंट प्लान तैयार किया गया है। दो चरणों के इस री-डेवलपमेंट प्लान के पहले चरण की तैयार की गई डीपीआर की आज शाम कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने मेडिकल कॉलेज में आयोजित बैठक में समीक्षा की। बैठक में मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. नवनीत सक्सेना, अधीक्षक डॉ. अरविंद शर्मा, मेडिकल कॉलेज के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष तथा लोक निर्माण विभाग (पीआईयू) के कार्यपालन यंत्री मनीष शर्मा मौजूद थे।
बैठक में बताया गया कि मेडिकल कॉलेज का री-डेवलपमेंट दो चरणों में पूरा होगा। पहले चरण में मेडिकल कॉलेज में 1200 बिस्तर क्षमता के भू-तल सहित नौ मंजिला दो नए हॉस्पिटल ब्लॉक, भू-तल सहित पांच मंजिला नया ओपीडी भवन, 300 बिस्तर क्षमता का सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल का नया भवन बनाया जायेगा तथा कैंसर हॉस्पिटल भवन का विस्तार किया जायेगा।
इसके साथ ही मेडिकल कॉलेज परिसर में नर्सिंग कॉलेज, गर्ल्स एवं बॉयज हॉस्टल, नर्सिंग हॉस्टल, पीजी स्टूडेंटस के आवास के लिए नया भवन तथा स्पोर्टस कॉम्प्लेक्स का निर्माण भी किया जायेगा। मेडिकल कॉलेज के पहले चरण के री-डेवलपमेंट प्लान की डीपीआर तैयार कर ली गई है। लगभग 1 हजार 091 करोड़ रूपये की इस डीपीआर को स्वीकृति के लिए आयुक्त चिकित्सा शिक्षा को भेज दिया गया है।
कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने बैठक में मेडिकल कॉलेज के री-डेवलपमेंट प्लान में पेयजल आपूर्ति पर विशेष ध्यान दिये जाने पर जोर दिया। उन्होंने वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण को भी डीपीआर मे शामिल करने के निर्देश दिये। श्री सिंह ने मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दृष्टि से कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिये। उन्होंने कहा कि री-डेवलपमेंट प्लान में आइसोलेशन वार्ड के निर्माण को भी शामिल किया जाये। कलेक्टर ने चिकित्सा अधिकारियों एवं स्टाफ कर्मियों के लिए बनाये जाने वाले आवासों की जानकारी भी बैठक में ली।


