संगठन, विचारधारा एवं बूथ सशक्तिकरण पर कार्यकर्ताओं को मिला मार्गदर्शन
डिंडोरी सी टाइम्स । भारतीय जनता पार्टी द्वारा कोनार्क मैरिज गार्डन, डिंडौरी में आयोजित पं. दीनदयाल उपाध्याय जिला प्रशिक्षण वर्ग दो दिवसीय कार्यक्रम के रूप में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। प्रशिक्षण वर्ग में संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति, बूथ प्रबंधन, सरकार की योजनाएं, मीडिया की भूमिका एवं सामाजिक चुनौतियों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर वरिष्ठ नेताओं एवं वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं को विस्तार से मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री एवं सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते द्वारा प्रदर्शनी के उद्घाटन के साथ किया गया। प्रदर्शनी में भारतीय जनता पार्टी की वैचारिक यात्रा, संगठनात्मक गतिविधियों एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी प्रदर्शित की गई।
प्रथम सत्र में फग्गन सिंह कुलस्ते ने बूथ प्रबंधन विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति उसका बूथ स्तर तक मजबूत संगठन है। उन्होंने प्रत्येक कार्यकर्ता से मतदान केंद्र स्तर तक सक्रिय रहने, मतदाताओं से सतत संपर्क बनाए रखने तथा संगठन की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
द्वितीय सत्र में भाजपा राष्ट्रीय मंत्री एवं विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार की योजनाएं गरीब, किसान, महिला एवं युवाओं के हित में कार्य कर रही हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं ताकि पात्र हितग्राहियों को लाभ मिल सके।
तृतीय सत्र में बालाघाट के पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश भटेरे ने कार्य विस्तार विषय पर संगठन की मजबूती एवं विस्तार को लेकर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं, बल्कि विचार आधारित संगठन है, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को नए लोगों को संगठन से जोड़ने का प्रयास करना चाहिए।
चतुर्थ सत्र में अजजा मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष पंकज सिंह तेकाम ने “हमारा इतिहास एवं विकास” विषय पर भारतीय संस्कृति, राष्ट्रवाद एवं भाजपा की वैचारिक यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पार्टी का मूल उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर राष्ट्र निर्माण करना है।
पंचम सत्र में कटनी के पूर्व महापौर शशांक श्रीवास्तव ने “हमारा सैद्धांतिक अधिष्ठान” विषय पर कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद एवं अंत्योदय के सिद्धांतों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति राष्ट्रसेवा एवं समाजहित पर आधारित है।
षष्ठम सत्र में कटनी के पूर्व जिलाध्यक्ष पीताम्बर टोपनानी ने कार्यपद्धति विषय पर संगठनात्मक अनुशासन, बैठकों की व्यवस्था, जनसंपर्क एवं कार्यक्रम संचालन की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संगठन की सफलता कार्यकर्ताओं के समर्पण एवं अनुशासन पर निर्भर करती है।
सप्तम सत्र में भाजपा जिला प्रभारी कमलप्रताप सिंह ने कार्यकर्ता विकास, संभाल एवं अपेक्षाओं पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है, जहां प्रत्येक कार्यकर्ता का सम्मान सर्वोपरि है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के बीच सक्रिय रहकर सेवा कार्य करने का आह्वान किया।
रात्रिकालीन सत्र में सुंदरकांड का भव्य आयोजन किया गया। धार्मिक वातावरण में कार्यकर्ताओं ने श्रद्धा एवं भक्ति के साथ सहभागिता की, जिससे पूरे परिसर में आध्यात्मिक वातावरण निर्मित हुआ।
प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे दिन अष्टम सत्र में पूर्व जिलाध्यक्ष संजय साहू ने विचार परिवार विषय पर मार्गदर्शन देते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एवं विभिन्न आनुषांगिक संगठनों की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित सर्वोपरि की भावना ही संगठन की पहचान है।
नवम सत्र में मध्यप्रदेश सरकार की मंत्री सम्पतिया उईके ने देश के समक्ष राजनीतिक एवं सामाजिक चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज को जागरूक एवं संगठित रखने में कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
दसवें सत्र में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नंदिता पाठक ने व्यावहारिक सत्र के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक गतिविधियों, जनसंपर्क एवं व्यवहारिक कार्यशैली की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को समय के अनुसार स्वयं को अपडेट रखना आवश्यक है।
ग्यारहवें सत्र में श्रीकांत साहू एवं अमन शर्मा ने मीडिया एवं सोशल मीडिया की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया जनसंपर्क का प्रभावी माध्यम बन चुका है, इसलिए कार्यकर्ताओं को सकारात्मक एवं तथ्यात्मक जानकारी समाज तक पहुंचानी चाहिए।
प्रशिक्षण वर्ग के समापन सत्र में निवास के पूर्व विधायक रामप्यारे कुलस्ते ने सभी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की रीति-नीति, अनुशासन एवं आगामी कार्ययोजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल राजनीतिक सफलता नहीं, बल्कि राष्ट्र एवं समाज की सेवा है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पूरे प्रशिक्षण वर्ग के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह, अनुशासन एवं संगठन के प्रति समर्पण का वातावरण देखने को मिला।
_______________________________


