जबलपुर।शहडोल जिले की 8 दिवस की बालिका बेबी आयुषी रुक्मणी दहिया, जो गंभीर जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित है, को उन्नत उपचार हेतु गुरुवार शाम एयर एम्बुलेंस के माध्यम से मुंबई स्थित नारायणा हॉस्पिटल एयरलिफ्ट किया गया।
जानकारी के अनुसार बालिका के परिजनों ने जबलपुर आरबीएसके प्रबंधक सुभाष शुक्ला से संपर्क कर सहायता की मांग की थी। इसके बाद तत्काल मेडिकल कॉलेज जबलपुर के पीडियाट्रिक हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रदीप जैन से समन्वय स्थापित कर बालिका की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली गई।
इसके उपरांत शहडोल जिले की आरबीएसके प्रबंधक श्रीमती कंचन पटेल एवं नारायणा हॉस्पिटल मुंबई से संपर्क कर आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कराई गईं। मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना एवं पीएमजेएवाई के अंतर्गत समन्वय स्थापित करते हुए 21 मई को बालिका को सुरक्षित रूप से एयर एम्बुलेंस द्वारा मुंबई रवाना किया गया।
इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवीन कोठारी, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विनीता उप्पल, श्रीया अवस्थी तथा आरबीएसके टीम से धवल त्रिवेदी एवं विकास श्रीवास्तव एयरपोर्ट पर उपस्थित रहे और परिजनों को आवश्यक सहयोग प्रदान किया। बालिका के परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग एवं आरबीएसके टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।


