नई दिल्ली, 23 मई भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार शनिवार को उत्तराखंड के सीमांत जिले उत्तरकाशी में पोलिंग बूथों और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यों का जायजा लेने पहुंचे। मुख्य निर्वाचन आयुक्त का यह दौरा भारत-चीन सीमा से सटे दूरस्थ और संवेदनशील क्षेत्रों में चुनावी व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत जानने तथा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने भारत-चीन सीमा से सटे सीमांत गांव हर्षिल में स्थापित पोलिंग बूथ का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ के साथ विस्तृत संवाद किया तथा एसआईआर की मैपिंग आदि के बारे में जानकारी ली। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने बीएलओ मिंटू देवी के उत्कृष्ट कार्यों और एसआईआर की विस्तृत जानकारी देने के लिए उनकी सराहना की। इसके बाद वे गंगोत्री धाम के लिए रवाना हुए। गंगोत्री धाम पहुंचकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त विशेष पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वह एसआईआर को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे


