नयी दिल्ली, 30 मई सरकार ने जन शिकायत निवारण के अपने केंद्रीय आनलाइन प्लेटफार्म पर शनिवार को एक ऐसी सुविधा शुरू की जिससे देश के किसी भी स्थान से नागरिक अपनी भाषा में बोल या लिख कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं और एआई आधारित यह प्रणाली आप की शिकायत की पहचाना कर संबंधित मंत्रालय या विभाग को तक आप की बात पहुंचा देगी।
कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन विभाग के राज्य मंत्री डॉ जितेन्द्र सिंह ने केंद्रीय लोक शिकायत निवारण एवं निगरानी प्रणाली (सीपीग्राम्स) पर इस नयी कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर आधारित इस वायस चैटबॉट सुविधा, ‘ समाधान दीदी-सीपीग्राम्स चैटबॉट’ का शनिवार को यहां उद्घटन करते हुए कहा कि यह सुविधा अभी सांविधिक रूप से स्वीकृत 22 भाषाओं में शुरू की गयी है। इसे आने वाले एक साल में कुछ और आंचलिक भाषा-भाषियों के लिए भी सहज बनाया जाएगा।उन्होंने कहा, ‘ यह मोदी सरकार के सुधारों की दिशा में एक और पहल है। सीपीग्राम्स पर समाधान दीदी चैटबॉट का उद्येश्य उपयोगकर्ता की आसानी बढ़ाना है, शिकायत करने की प्रक्रिया में भाषा और खिलने की चुनौती का समाधान करना है।’ इसमें 30 सेंकेंड से एक डेढ़ मिनट के अंदर व्यक्ति अपनी शिकायत बोल या लिख कर दर्ज करा सकता है।डॉ सिंह ने कहा कि सीपीग्राम्स पर आज सालाना 20 लाख से अधिक शिकायतें दर्ज करायी जाती हैं। उन्होंने कहा, ‘ यह प्लेटफार्म काफी लोकप्रिय हो चुका है। 2014 में मोदी सरकार से पहले भी सरकार का शिकायत निवारण मंच चल रहा था लेकिन उस समय साल में ज्यादा से ज्यादा दो लाख शिकायतें प्राप्त होती हैं जो आज 20 लाख से ऊपर पहुंच गयी है। यह इस प्रणाली में लोगों के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।”उन्होंने कहा, ‘ हम नहीं कह रहे हैं कि पहले शिकायतों की उपेक्षा की जाती थी , पर उदासीनता जरूर थी। अब हमारी व्यवस्था अधिक सतर्क और संवेदनशील है। पहले समाधान में 60 दिन लग जाते थे , औसत समय 13 दिन का हो गया है। नयी सुविधा से समाधान 7 दिन के अंदर करने का लक्ष्य है। “


