जबलपुर। जमीन के नामांतरण के बदले रिश्वत मांगने वाले एक पटवारी को लोकायुक्त पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आवेदक संदीप कुमार की माता श्रीमती ममता देवी ने ग्राम मुआर, तहसील गोटेगांव में 29 अप्रैल 2026 को लगभग 7 एकड़ भूमि क्रय की थी। उक्त भूमि के नामांतरण के लिए संबंधित हल्का पटवारी घनश्याम गढ़वाल द्वारा आवेदक से 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी।
इसकी शिकायत आवेदक ने लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक अंजू पटले से की। शिकायत के सत्यापन के दौरान पटवारी घनश्याम गढ़वाल 5 हजार रुपये लेने पर सहमत हो गया।
सोमवार 1 जून को लोकायुक्त की ट्रैप कार्रवाई के दौरान आरोपी पटवारी को गोटेगांव स्थित टीला महिंदा शोरूम के पास उसके निजी कार्यालय में आवेदक से 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।
आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7, 13(1)(बी) एवं 13(2) के तहत कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में लोकायुक्त जबलपुर के निरीक्षक राहुल गजभिए तथा जितेंद्र यादव सहित लोकायुक्त की टीम शामिल रही।


