घमापुर थाना क्षेत्र के कांचघर इलाके की घटना, पाइप और हाथ-मुक्कों से मारपीट कर नाबालिग को किया घायल, जान से मारने की धमकी देकर भागे आरोपी
जबलपुर। घमापुर थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए रुपये मांगने और रुपये न देने पर नाबालिग से मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने नाबालिग युवक के साथ गाली-गलौज करते हुए पाइप और हाथ-मुक्कों से मारपीट की, जिससे उसे कंधे और पैर में चोट आई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कांचघर निवासी 16 वर्षीय अभिनव ठाकुर ने घमापुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 5 जून की रात करीब 11:30 बजे वह चुंगी चौकी से अपने दोस्त मनीष रजक और कृष कोरी के साथ घर जा रहा था। जैसे ही वे कांचघर स्थित टॉप डेली नीड्स के पास पहुंचे, वहां समक्ष बेन, आयुष सेन और उनका एक अन्य साथी मिले।
आरोप है कि तीनों ने अभिनव से शराब पीने के लिए 1 हजार रुपये की मांग की। जब अभिनव ने रुपये देने से मना किया, तो आरोपी गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आयुष सेन ने पीछे से पाइप से हमला कर अभिनव के कंधे और पैर में चोट पहुंचाई। वहीं समक्ष बेन और उसके अन्य साथी ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की।
वारदात के बाद तीनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। आए दिन शराब पीने के लिए रुपये मांगने और इनकार करने पर मारपीट की घटनाएं कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बनती जा रही हैं।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ धारा 296(ए), 118(1), 351(2), 119(1) और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश जारी है।


