37 C
Jabalpur
June 12, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

तेज आंधी-तूफान से सड़क पर गिरा बिजली का पोल


खुरसुरा-कनारी मार्ग रहा बाधित
झमाझम बारिश से गर्मी से मिली राहत, किसानों के चेहरे खिले
उगली – केवलारी जनपद पंचायत अंतर्गत उप तहसील उगली क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर अचानक आए तेज आंधी-तूफान के कारण खुरसुरा-कनारी मार्ग पर बिजली का पोल गिर जाने से आवागमन बाधित हो गया। हालांकि समय रहते लोगों की सतर्कता के कारण बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार उगली से लगभग 15 किलोमीटर दूर खुरसुरा और कनारी के बीच मुख्य सड़क पर स्थित बिजली का पोल तेज हवा के दबाव से टूटकर सड़क के बीचों-बीच गिर गया। पोल के साथ विद्युत तार भी नीचे लटक गए, जिससे मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल विद्युत विभाग एवं प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना दी। सूचना मिलते ही विभागीय अमला मौके पर पहुंचा और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए गिरे हुए पोल को हटाने तथा विद्युत आपूर्ति बहाल करने की कार्रवाई प्रारंभ की। ग्रामीणों का कहना है कि यदि घटना के समय सड़क पर अधिक यातायात होता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
प्रशासन एवं विद्युत विभाग द्वारा मार्ग को शीघ्र सुचारु करने के प्रयास किए गए, जिसके बाद आवागमन सामान्य करने की दिशा में कार्य शुरू किया गया। घटना के चलते करीब एक घंटे तक लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बारिश से बदला मौसम का मिजाज
वहीं दूसरी ओर पां. छपारा एवं आसपास के क्षेत्रों में लगभग एक घंटे तक हुई झमाझम बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को राहत मिली। बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई और वातावरण सुहावना हो गया।
खरीफ सीजन के लिए शुभ संकेत
कृषि विशेषज्ञों एवं किसानों का मानना है कि समय पर हुई यह बारिश खरीफ फसलों की तैयारी के लिए लाभकारी साबित होगी। खेतों में नमी बढ़ने से कृषि कार्यों को गति मिलेगी तथा बोवनी की तैयारियां शुरू हो सकेंगी। क्षेत्र के किसानों ने इसे मानसून की दस्तक बताते हुए आगामी दिनों में अच्छी वर्षा की उम्मीद जताई है।

अन्य ख़बरें

सांसद आशीष दुबे के नेतृत्व में विशेष जनसंपर्क अभियान संपन्न,ग्राम चौपालों में ग्रामीणों से किया आत्मीय संवाद

Newsdesk

प्रकृति पर्यावरण के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है नगर निगम

Newsdesk

शहर की सफाई के साथ-साथ अन्य विकास कार्यों का भी निगमायुक्त ने लिया जायजा

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading