जबलपुर। 25वीं पूर्वी जोन अंतरजिला पुलिस वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता-2026 का भव्य समापन गत दिवस पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में हुआ। समापन समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय रहे। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिला जबलपुर ने ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया।
समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष जाखड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनु बेनिवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेंद्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-4 अंजना तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सूर्यकांत शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात अखिलेश तिवारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी, विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और पुलिस परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि का पुलिस बैंड और 6वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल द्वारा सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। इसके बाद 22 जिलों एवं इकाइयों से आए पुलिस खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट कर मुख्य अतिथि को सलामी दी।
जोनल स्पोर्ट्स ऑफिसर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, पांढुर्ना, नरसिंहपुर, सिवनी, सिंगरौली, रीवा, सीधी, सतना, मैहर, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, मंडला, बालाघाट, डिंडौरी, जीआरपी जबलपुर, रेडियो जबलपुर, पीटीएस उमरिया तथा पीटीएस रीवा सहित कुल 22 इकाइयों के खिलाड़ियों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता के दौरान हॉकी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी, बास्केटबॉल, हैंडबॉल, लेदर बॉल क्रिकेट के अलावा बैडमिंटन, जूडो, कुश्ती, वेटलिफ्टिंग और पुरुष एवं महिला वर्ग की विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार प्रदान किए गए। साथ ही प्रदेश स्तरीय पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता के लिए पूर्वी जोन की टीम का भी चयन किया गया।
अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने कहा कि खेल टीम भावना, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सर्वोत्तम माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि जीत आत्मविश्वास बढ़ाती है, जबकि हार भविष्य में बेहतर प्रदर्शन की प्रेरणा देती है। पुलिस सेवा में टीम वर्क की महत्ता पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि यही भावना कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जटिल मामलों के सफल निराकरण में भी अहम भूमिका निभाती है।
समारोह के दौरान पुरुष 100 मीटर दौड़ का फाइनल भी आयोजित हुआ, जिसमें छिंदवाड़ा के आरक्षक आशीष यादव प्रथम, मंडला के आरक्षक शेखर सोलंकी द्वितीय तथा आदित्य पारासर तृतीय स्थान पर रहे।
रेलवे ग्राउंड में आयोजित लेदर बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में जिला जबलपुर ने सतना को हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं संपूर्ण प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए जिला जबलपुर ने ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी भी जीत ली।
अंत में पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति, अधिकारियों, निर्णायकों और खिलाड़ियों को बधाई देते हुए 25वीं पूर्वी जोन पुलिस वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता के समापन की औपचारिक घोषणा की।


