जबलपुर के घमापुर थाना क्षेत्र में गाली-गलौज से रोकने पर एक युवक पर पिस्टल से फायर करने की कोशिश और फिर पिस्टल के बट से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घायल युवक को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां पुलिस ने उसके बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सिद्धबाबा रामलीला मैदान निवासी 30 वर्षीय अनमोल डेनियल प्राइवेट काम करता है। 14 जून 2026 की रात करीब 10 बजे वह रामलीला मैदान के सामने कल्लू के भतीजे की दुकान पर अंडा खाने के बाद अपनी मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान वहां कुछ युवक गाली-गलौज कर रहे थे।
अनमोल ने जब युवकों से गाली देने का कारण पूछा, तो इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि शुभम सोनकर अपने तीन साथियों के साथ आया और अनमोल से गाली-गलौज करते हुए कहा कि वह बीच में क्यों बोल रहा है। इसी दौरान शुभम ने अपने पास रखी पिस्टल से फायर करने की कोशिश की, लेकिन फायर नहीं हुआ।
इसके बाद आरोपी के तीनों साथियों ने अनमोल को पकड़ लिया और शुभम सोनकर ने जान से मारने की नीयत से पिस्टल का बट उसके सिर पर मार दिया, जिससे वह घायल हो गया। अनमोल के चिल्लाने पर उसके दोस्त लक्ष्मण उर्फ कल्लू और लड्डू उर्फ ऋषभ कोरी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद शुभम सोनकर अपने साथियों के साथ वहां से भाग गया।
घायल अनमोल डेनियल को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। सूचना मिलने पर घमापुर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल के बयान दर्ज किए।
पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर शुभम सोनकर और उसके साथियों के खिलाफ धारा 296(ए), 109(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश और पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है। यह घटना एक बार फिर मामूली विवादों में हथियारों के इस्तेमाल और बढ़ती आपराधिक प्रवृत्ति पर गंभीर सवाल खड़े करती है।


