जबलपुर। राष्ट्रीय वृद्धजन देखभाल कार्यक्रम (एनपीएचसीई) के तहत शनिवार को तिलवारा रोड स्थित बाजना मठ वरिष्ठ वृद्धाश्रम में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 78 वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक उपचार, दवाएं और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान किया गया।राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की वार्षिक कार्ययोजना के तहत आयोजित इस शिविर का आयोजन कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवीन कोठारी के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का संचालन भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा संचालित वरिष्ठ वृद्धाश्रम, बाजना मठ में किया गया।अर्बन नोडल अधिकारी डॉ. अमजद खान एवं एपीएम संदीप नामदेव ने शिविर में उपस्थित सभी वृद्धजनों का फल भेंट कर स्वागत किया।
शिविर में नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. उषा दत्त, मेडिकल ऑफिसर डॉ. आदित्य कुमार, डॉ. सारिका दुबे, डॉ. गौरव अवस्थी, फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. श्वेता सहित नर्सिंग एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने स्वास्थ्य परीक्षण कर चिकित्सा सेवाएं प्रदान कीं।
स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान 36 वृद्धजन मधुमेह, 25 उच्च रक्तचाप, 6 नेत्र रोग तथा 5 मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से प्रभावित पाए गए। सभी को आवश्यक दवाएं एवं चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया गया। वहीं, हड्डियों से संबंधित समस्याओं से पीड़ित 3 वृद्धजनों की फिजियोथेरेपी भी की गई।शिविर में साइंस हाउस लैब एवं जिला चिकित्सालय विक्टोरिया की टीम द्वारा सभी हितग्राहियों की आवश्यक लैब जांच कर रिपोर्ट भी उपलब्ध कराई गई। स्वास्थ्य शिविर के सफल आयोजन पर वृद्धाश्रम के बुजुर्गों ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।


