आज सर्किट हाउस में किसान गर्जना संगठन द्वारा आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष अरविंद चौधरी ने खाद के बढ़े हुए दामों को लेकर किसानों की गंभीर समस्याओं को मीडिया के समक्ष रखा।
उन्होंने कहा कि खाद की लगातार बढ़ती कीमतों से प्रदेश का किसान गहरे असंतोष में है। सरकारें समय-समय पर किसानों के हित में अनेक योजनाओं और घोषणाओं की बात करती हैं, लेकिन धरातल पर अधिकांश किसानों को इन योजनाओं का वास्तविक लाभ नहीं मिल पा रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज किसान बढ़ती लागत, महंगी खाद, बीज, कीटनाशक एवं अन्य कृषि सामग्री के कारण आर्थिक संकट से जूझ रहा है। खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, जबकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा। परिणामस्वरूप किसान कर्ज के बोझ तले दबता जा रहा है।
उन्होंने सरकार से खाद के बढ़े हुए दामों पर तत्काल पुनर्विचार करने तथा किसानों को राहत प्रदान करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो किसान गर्जना संगठन चरणबद्ध आंदोलन करेगा।
इसी क्रम में किसान गर्जना संगठन द्वारा बालाघाट जिले की सभी तहसीलों में पत्रकार वार्ताएं आयोजित की जाएंगी। इसके पश्चात जिले के सभी तहसील मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन कर माननीय प्रधानमंत्री, माननीय मुख्यमंत्री एवं माननीय केंद्रीय कृषि मंत्री के नाम तहसीलदार के माध्यम से ज्ञापन सौंपा जाएगा।
इसके अतिरिक्त जिले के सभी खाद वितरण केंद्रों एवं सहकारी समितियों (सोसायटी) पर, जिन-जिन गांवों के किसानों को वहां से खाद उपलब्ध कराया जाता है, उन सभी गांवों के किसान किसान गर्जना संगठन के बैनर तले एकत्रित होकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेंगे तथा संबंधित सोसायटी प्रबंधन को ज्ञापन सौंपेंगे।
संगठन ने सभी किसानों से एकजुट होकर इस जनआंदोलन में भाग लेने का आह्वान किया, ताकि किसानों की समस्याओं का प्रभावी समाधान हो सके और सरकार किसानों के हित में ठोस निर्णय ले।
इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
किसान गर्जना संगठन प्रदेश अध्यक्ष अरविंद चौधरी


