_कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, प्रवेश में अनियमितता, अभद्र व्यवहार और शिकायत दबाने के लगाए आरोप; कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी_
सिवनी- शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय सिवनी के प्राचार्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। Deepak Jaihind Team Seoni के संस्थापक दीपक डेहरिया (दीपक जयहिंद) ने जिला कलेक्टर को विस्तृत ज्ञापन सौंपकर प्राचार्य को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने तथा पूरे मामले की उच्चस्तरीय, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो छात्रहित और जनहित में लोकतांत्रिक आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन में कहा गया है कि प्राचार्य के विरुद्ध पूर्व में भी कई शिकायतें और ज्ञापन प्रशासन को दिए जा चुके हैं। 22 जून 2026 को भी विस्तृत शिकायत प्रस्तुत की गई थी, लेकिन अब तक किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं होने से शिकायतकर्ताओं में नाराजगी है।
दीपक डेहरिया ने आरोप लगाया है कि विद्यालय में विद्यार्थियों के प्रवेश संबंधी मामलों में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं, जिसके कारण कई पात्र विद्यार्थियों को प्रवेश से वंचित होना पड़ा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि छात्रहित के मुद्दे पर चर्चा करने पहुंचे प्रतिनिधियों के साथ प्राचार्य ने कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि शिकायतें उठाने के बाद शिकायतकर्ता के विरुद्ध थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई गई, जिसे उन्होंने तथ्यहीन एवं दुर्भावनापूर्ण बताते हुए इसकी भी स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि शिकायतों को दबाने और मानसिक दबाव बनाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया।
दीपक डेहरिया का दावा है कि विद्यालय की वर्तमान कार्यप्रणाली से विद्यार्थी और अभिभावक असंतुष्ट हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई विद्यार्थी विद्यालय छोड़ने और स्थानांतरण प्रमाण-पत्र (टीसी) लेने के लिए मजबूर हो रहे हैं, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है और शिक्षा व्यवस्था पर विश्वास भी कमजोर पड़ रहा है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि जांच की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए संबंधित प्राचार्य को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाए, पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, प्रवेश संबंधी शिकायतों और कथित अभद्र व्यवहार की जांच हो, थाना कोतवाली में की गई शिकायत की भी निष्पक्ष जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाए तथा जांच पूरी होने तक प्राचार्य को प्रशासनिक निर्णय प्रक्रिया से अलग रखा जाए। साथ ही पूर्व में दिए गए शिकायत-पत्रों पर हुई कार्रवाई की जानकारी भी लिखित रूप में उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
दीपक डेहरिया ने कहा कि यदि प्रशासन जल्द कोई प्रभावी कदम नहीं उठाता, तो Deepak Jaihind Team Seoni छात्रहित और जनहित में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन, रैली एवं जनजागरण अभियान शुरू करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
(समाचार में प्रकाशित आरोप ज्ञापन में किए गए दावों पर आधारित हैं। संबंधित पक्ष का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)


