साधारण परिवार की असाधारण सफलता*
बरघाट(सिवनी)/ग्राम गोरखपुर, पोस्ट खामी, तहसील बरघाट निवासी प्राशु गौतम, सुपुत्री श्री दिलीप कुमार गौतम का सहायक प्राध्यापक भर्ती-2024 में इतिहास विषय से चयन होने पर पूरे क्षेत्र में खुशी और गौरव का माहौल है। सामान्य परिवार से निकलकर उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के दम पर यह प्रतिष्ठित सफलता हासिल कर बरघाट और सिवनी जिले का मान बढ़ाया है।
*गांव के विद्यालय से शुरू हुआ सुनहरा सफर*
प्राशु ने प्रारंभिक शिक्षा स्थानीय विद्यालय तथा हाई स्कूल खामी से प्राप्त किया। इसके बाद शासकीय महाविद्यालय बरघाट से बी.एससी. तथा शासकीय महाविद्यालय सिवनी से इतिहास विषय में एम.ए. किया। महाविद्यालय में संचालित स्वामी करियर मार्गदर्शन योजना के अंतर्गत श्री पंकज कुमार गहरवार के मार्गदर्शन ने उनके लक्ष्य को नई दिशा दी।
*दूसरे प्रयास में मिली बड़ी सफलता*
वर्ष 2022 में यूजीसी नेट परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद उन्होंने लगातार तैयारी जारी रखी। 2022 की सहायक प्राध्यापक भर्ती में साक्षात्कार तक पहुँचने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और अपने दूसरे प्रयास में इतिहास विषय से सहायक प्राध्यापक पद पर चयनित होकर सफलता का नया इतिहास रच दिया।
*परिवार और गुरुजनों को दिया सफलता का श्रेय*
प्राशु गौतम ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, भाई-बहनों, परिवार, गुरुजनों और मित्रों को दिया। उन्होंने कहा कि कठिन मेहनत, धैर्य और सकारात्मक सोच ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।
*युवाओं और बेटियों के लिए बनीं प्रेरणा*
प्राशु गौतम की यह सफलता ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है। उनकी उपलब्धि ने यह साबित कर दिया कि मजबूत इरादे, निरंतर परिश्रम और आत्मविश्वास के बल पर हर सपना साकार किया जा सकता है।


