जबलपुर। नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में विभागाध्यक्षों के प्रभार में बदलाव किया गया है। चिकित्सा शिक्षा विभाग की रोटेशन नीति के तहत वरिष्ठ चिकित्सकों को विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इसी क्रम में वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. अर्चना सिंह को मेडिकल कॉलेज के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग का नया विभागाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
डॉ. अर्चना सिंह लंबे समय से मेडिकल कॉलेज में स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ के रूप में सेवाएं दे रही हैं। उन्हें शिक्षण, शोध और मरीजों के उपचार के क्षेत्र में व्यापक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह मेडिकल कॉलेज में मेडिकल एजुकेशन कोऑर्डिनेटर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी निभा रही हैं। विभागाध्यक्ष का प्रभार संभालने के बाद भी वह इस दायित्व का निर्वहन करती रहेंगी।
मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने विश्वास जताया है कि डॉ. अर्चना सिंह के नेतृत्व में विभाग की शैक्षणिक गतिविधियों, शोध कार्यों और मरीजों को दी जाने वाली स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को और मजबूती मिलेगी। उनकी नियुक्ति पर मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।


