स्वास्थ्य, शिक्षा एवं समग्र विकास की जानकारी लेकर दिया आवश्यक मार्गदर्शन
अनूपपुर, 21 जुलाई। कलेक्टर हर्षल पंचोली के निर्देशन एवं जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अर्चना कुमारी के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले की पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन योजना से लाभान्वित एकमात्र बालिका के घर पहुंचकर गृहभेंट की गई। इस दौरान बालिका के स्वास्थ्य, शिक्षा एवं समग्र विकास की जानकारी लेकर आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
गृहभेंट के दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती संजीता भगत, सहायक संचालक श्रीमती मंजूषा शर्मा, स्थानीय परिवाद समिति की अध्यक्ष श्रीमती सुमिता शर्मा, विधि सह परिवीक्षा अधिकारी अशोक कुमार त्रिपाठी तथा महिला एवं बाल विकास परियोजना पुष्पराजगढ़ की पर्यवेक्षक श्रीमती कृष्णलता मरावी उपस्थित रहीं।
अधिकारियों ने बालिका एवं उसके परिजनों से संवाद कर स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण एवं दैनिक आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की। साथ ही बालिका के उज्ज्वल भविष्य के लिए शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए नियमित शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य एवं समग्र विकास के संबंध में आवश्यक सुझाव एवं मार्गदर्शन दिया।
अधिकारियों ने कहा कि पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन योजना का उद्देश्य ऐसे बच्चों को शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराते हुए उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना है। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा ऐसे बच्चों की समय-समय पर सतत निगरानी एवं मार्गदर्शन किया जाता है, ताकि उन्हें शासन की सभी आवश्यक सुविधाओं का लाभ समय पर मिल सके। गृहभेंट के दौरान अधिकारियों ने बालिका के बेहतर भविष्य की कामना करते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।


