जबलपुर। यादव महासभा जबलपुर द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से वार्षिक प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। अमखेरा स्थित सुशीला मैरिज गार्डन में आयोजित कार्यक्रम में कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में 65 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 100 से अधिक प्रतिभावान छात्र-छात्राओं एवं उनके माता-पिता का सम्मान किया गया।
समारोह में समाज के वरिष्ठजनों ने विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन और सामाजिक दायित्वों के प्रति प्रेरित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजन प्रतिभाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं और समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करते हैं।
इस अवसर पर कृषि महाविद्यालय परिसर में यादव महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से चौधरी प्रमोद यादव को राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। कार्यकारिणी में देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों ने भाग लिया और संगठन के विस्तार तथा समाज के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।
यादव महासभा के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि चौधरी प्रमोद यादव के नेतृत्व में संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा समाज के शैक्षणिक, सामाजिक और संगठनात्मक विकास को नई दिशा मिलेगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य नागरिक, पदाधिकारी, अभिभावक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।


