लाठीचार्ज की कांग्रेस ने की निंदा
जबलपुर। यूथ कांग्रेस द्वारा आयोजित “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने राज्य और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश का युवा अपने अधिकारों और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की मांग को लेकर सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर है।
जयवर्धन सिंह ने आरोप लगाया कि हाल ही में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा की गई लाठीचार्ज की कार्रवाई लोकतंत्र पर कलंक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस कार्रवाई की कड़ी निंदा करती है और छात्रों की आवाज दबाने का विरोध करती है।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में लागू किए गए यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) की बजाय देश का युवा “यूनिफॉर्म एजुकेशन कोड” चाहता है, जिससे सभी को समान, सम्मानजनक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। उनका कहना था कि छात्रों की मांग है कि परीक्षाओं की प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष हो और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए।
जयवर्धन सिंह ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि सरकार को ऐसी व्यवस्था बनानी चाहिए जिससे युवाओं को उत्कृष्ट शिक्षा और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली मिल सके।
राहुल गांधी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वे देश के ऐसे नेता हैं जो युवाओं के अधिकारों के लिए स्वयं जोखिम उठाकर संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं के हितों की लड़ाई कांग्रेस लगातार लड़ती रहेगी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता और छात्र मौजूद रहे।


